logo

धनबाद के 3 लोगों का अपहरण, फिरौती में मांगे गए तीन करोड़

कग्लोज1.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
धनबाद के मुनीडीह ओपी क्षेत्र के आमडीह बस्ती निवासी मनोज कुमार महतो ने अपने बड़े भाई सरोज महतो और उनके दो साथियों के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई है। अपहर्ताओं ने तीन करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की है। मुनीडीह पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण और फिरौती की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, एक टीम अपहृत युवकों की तलाश में मुंबई भेजी गई है।

प्राथमिकी में मनोज महतो ने बताया है कि उनके भाई सरोज कुमार महतो 26 अप्रैल 2025 की सुबह बोकारो जिले के दुग्धा स्थित चंदवाडीह गांव में मुखिया चंदन सिंह के घर गए थे। वहाँ से मुखिया के ड्राइवर ने निजी गाड़ी से उन्हें सुबह करीब 8 बजे रांची एयरपोर्ट पहुंचाया, जहाँ से वे फ्लाइट से मुंबई गए। 29 अप्रैल को मनोज को सरोज का फोन आया, जिसमें उन्होंने बताया कि उनका अपहरण हो गया है और उनके साथ दो अन्य दोस्त भी हैं।

इधर, डीएसपी विधि व्यवस्था नौशाद आलम ने बताया कि अपहरण की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच जारी है, एक विशेष टीम और टेक्निकल टीम इस मामले में काम कर रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।