logo

गढ़वा में 5.5 करोड़ रुपए की लागत से होगा 4 स्टेडियम का निर्माण, खेल के क्षेत्र में रचेंगे इतिहास: खेल मंत्री   

mithilesh6.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के 4 प्रखंडों में लगभग 5.5 करोड़ रुपए की लागत से प्रखंड स्तरीय 4 स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए झारखंड सरकार के पर्यटन,  खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग ने प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। जल्द ही निविदा की प्रक्रिया पूर्ण कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
पेयजल व खेल मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने बताया कि गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के चिनिया प्रखंड के ग्राम चिरका में एक करोड़ 12 लाख 55 हजार 800 रुपए की लागत से, डंडा प्रखंड के ग्राम मोतीहारा में एक करोड़ 34 लाख 25 हजार 600 रुपए की लागत से, रमकंडा प्रखंड के ग्राम सबाने में एक करोड़ 42 लाख 53 हजार 300 रुपए की लागत से और गढ़वा प्रखंड के ग्राम बलिगढ़ में एक करोड़ 33 लाख 76 हजार 600 रुपए की लागत से प्रखंड स्तरीय स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। 
मंत्री ने आगे कहा कि गढ़वा मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ, सामाजिक, धार्मिक और खेल के क्षेत्र में भी काफी तेजी से विकास कर रहा है। गढ़वा अब खेल के क्षेत्र में भी विकास का इतिहास रचेगा। गढ़वा में खेल की सारी आधारभूत संरचनाएं उपलब्ध होगी। यहां के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का हर अवसर और सुविधा प्रदान किया जाएगा। बता दें कि मंत्री ने कहा गढ़वा में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। बस उन्हें उचित प्रोत्साहन एवं सहयोग की जरूरत है। इसके लिए वे हमेशा तैयार हैं। हर क्षेत्र के खिलाड़ियों को सारी सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

Tags - गढ़वाखेलमंत्री झारखंड न्यूज स्टेडियम