पाकुड़:
पाकुड़ की 75 वर्षीय सोनामुनी कर्मकार को पेंशन और राशन नहीं मिल रहा है। पाकुड़ सदर प्रखंड के कोलाजोड़ा पंचायत अंतर्गत टंकाटोला गांव की रहने वाली सोनामुनी कर्मकार को मुख्यमंत्री सर्वजन पेंशन योजना का लाभ नहीं मिला है। वहीं, फिंगरप्रिंट मिट जाने की वजह से उन्हें राशन नहीं मिल रहा है। बुजुर्ग महिला पेंशन और राशन की मांग को लेकर पिछले कई हफ्तों से पाकुड़ प्रखंड आपूर्ति कार्यालय का चक्कर लगा रही हैं।
संतानों से अलग रहती हैं सोनामुनी कर्मकार
सोनामुनी कर्मकार ने बताया कि वह पाकुड़ सदर प्रखंड के कोलाजोड़ा पंचायत अंतर्गत टंकाटोला गांव की रहने वाली हैं। पति, गोविंद कर्मकार का निधन हो चुका है। बेटे अलग रहते हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें मुख्यमंत्री सर्वजन पेंशन योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। फिंगरप्रिंट नहीं आने की वजह से 2 महीने से राशन का उठाव भी नहीं कर पाई हैं। पेंशन और राशन के बिना सोनामुनी कर्मकार के सामने भोजन का संकट खड़ा हो गया है।

प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने क्या बताया
सोनामुनी कर्मकार ने बताया कि वह पिछले कई हफ्तों से पाकुड़ प्रखंड आपूर्ति कार्यालय का चक्कर काट रही हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही। पेंशन और राशन को लेकर महकमा उनको केवल आश्वासन दे रहा है। इस बुजुर्ग महिला की तकलीफ इसलिए भी बड़ी है कि संतानों ने उनको अकेला छोड़ दिया है। गांव के जनप्रतिनिधि भी उनकी सुध नहीं लेते। इधर, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी का कहना है कि जिन लाभुकों का फिंगरप्रिंट नहीं आता, उनका अनाज संबंधित डीलर के फिंगरप्रिंट से दिया जाना है।
इस बुजुर्ग महिला को शासन और प्रशासन से शिकायत से ज्यादा उम्मीदें हैं। यदि, सरकार के पास बुजुर्ग महिला की गुहार पहुंच रही तो कृपया संज्ञान लीजिए।