logo

827 हाई स्कूल टीचर को आज मिलेगा नियुक्ति पत्र, यहां होगा कार्यक्रम

मसपासोलू2.jpg

द फॉलोअप टीम, रांचीः 
JSSC के द्वारा 2016 में आयोजित परीक्षा में विभिन्न विषयों में सफल हुए अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के 16 अक्टूबर को नियुक्ति पत्र सौपेंगे। रामदयाल मुंडा फुटबॉल मैदान मोरहाबादी में नियुक्ति पत्र वितरण समारोह होगा। दिन के 1 बजे से आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी की जा चुकी है। शिक्षा सचिव के रवि कुमार ने जानकारी देते हुए कहा है कि 827 माध्यमिक शिक्षकों के नियुक्ति के बाद हाई स्कूलों में खाली पड़े शिक्षकों में कमी आयेगी। उन्होंने कहा कि इस मौके पर विभाग द्वारा तैयार एक डिजिटल शिक्षा आधारित एप को भी लॉन्च किया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर ही इसी परीक्षा के माध्यम से 3,469 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र पूर्व में मिल चुका है। मुख्यमंत्री ने इसी वर्ष 19 मई को इन सभी शिक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपे थे। दूसरे चरण में विभिन्न विषयों में चयनित 827 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र दिया जाएगा। इसे लेकर मोरहाबादी स्थित डा. रामदयाल मुंडा फुटबाल स्टेडियम में कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। जिन शिक्षकों को नियुक्ति पत्र मिलेगा, उनमें सबसे अधिक 100 शिक्षक पश्चिमी सिंहभूम के हैं।  


इन जिलों के शिक्षकों को मिलेगा नियुक्ति पत्र 
अन्य जिलों की बात करें तो पलामू में 74, गिरिडीह में 74, लातेहार में 70, चतरा में 61, दुमका में 52, पूर्वी सिंहभूम में 52, सरायकेला खरसावां में 40, गोड्डा में 39, रामगढ़ में 35, हजारीबाग में 35, साहिबगंज में 34, गढ़वा में 32, सिमडेगा में 24, देवघर में 16, जामताड़ा में 16, कोडरमा में 13, गुमला में 13, पाकुड़ में 12, धनबाद में 11, रांची में आठ, बोकारो में छह, खूंटी तथा लोहरदगा में पांच-पांच शिक्षक नियुक्त होंगे। इन जिलों में संगीत, इंग्लिश, हिंदी, संस्कृत, अरबी, फारसी, बायोलॉजी, केमिस्ट्री, इतिहास-नागरिक जैसे विषयों के शिक्षक नियुक्त किए जायेंगे। इस मौके पर संसदीय कार्य मंत्री आलमगीर आलम, श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता के अलावे राज्यसभा सांसद महुआ माजी, रांची सांसद संजय सेठ और रांची विधायक सीपी सिंह को भी स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के द्वारा आमंत्रित किया गया है। 


गुरुजी ऐप भी लॉन्च होगा 
नियुक्ति पत्र बांटने के साथ ही कल सीएम 'जे गुरुजी ऐप' भी लॉन्च करेंगे। जिसे विद्यार्थियों की सहूलियत के लिए बनाया गया है। इस ऐप में लॉगइन करने के लिए विद्यार्थियों को 'स्टूडेंट आइडी' दी जायेगी। ऐप में लॉग इन करने के बाद विद्यार्थी जब चाहें, ऑनलाइन क्लास कर सकते हैं। ऐप में प्रत्येक अध्याय के अनुरूप प्रश्न भी दिये गये हैं, जिन्हें विद्यार्थी ऑनलाइन हल कर सकते हैं. किसी प्रश्न का उत्तर गलत होने पर उसके सही उत्तर की जानकारी भी दी जायेगी।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N