द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में चोरी, छिनतई, लूट और फायरिंग जैसी घटनाओं में शामिल कुल 9 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार करते हुए जेल भेज दिया है। इसे लेकर शनिवार को जमशेदपुर के सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें उन्होंने जानकारी दी कि पुलिस को नीलडीह क्षेत्र में कुछ अपराधियों के द्वारा बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बनाने की जानकारी मिली थी। जिसके बाद टीम गठित कर छापेमारी की गयी। इनमें कुल 7 युवकों को गिरफ्तार किया गया। जिनके पास से पिस्तौल और अन्य हथियार बरामद हुआ।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार युवकों ने बताया कि इनके द्वारा लूट और छिनतई की घटना को कार से अंजाम दिया जाता था। विगत 28 अप्रैल को सिदगोड़ा में रिटायर्ड शिक्षिका के घर में हुई लूट की घटना के साथ ही टेल्को और सिदगोड़ा में हुई छिनतई की घटना को भी इन्हीं लोगों के द्वारा अंजाम दिया गया था। इसी गिरोह के सदस्य राज्य के कई अन्य जिलों में भी छिनतई और लूट की घटनाओं में शामिल है।
साकची फायरिंग मामले में दो गिरफ्तार
दूसरी ओर साकची थाना क्षेत्र में फायरिंग की घटना में शामिल दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार करते हुए जेल भेज दिया है। सिटी एसपी ने बताया कि दानिश और नदीम गिरोह के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में फायरिंग की गयी थी। जिसमें पुलिस ने अनुसंधान के दौरान दानिश गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से एक देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है।