द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिले में उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देशानुसार नागरिकों की अंचल संबंधित समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से हर शनिवार को आयोजित होने वाले विशेष अंचल दिवस कार्यक्रम की श्रृंखला के तहत आज बसिया प्रखंड सह अंचल कार्यालय में अंचल दिवस का आयोजन संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम से आम जनता को बड़ी राहत मिली है। आज के कार्यक्रम में मुख्य रूप से अपर समाहर्ता, गुमला शशिंद्र कुमार बड़ाइक, एसडीओ बसिया, एलआरडीसी बसिया, अंचल अधिकारी बसिया, प्रखंड विकास पदाधिकारी गुमला सहित कई संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मीगण उपस्थित रहे। अधिकारियों की पूरी टीम ने एक ही छत के नीचे बैठकर नागरिकों की अंचल संबंधित समस्याओं को न केवल ध्यानपूर्वक सुना, बल्कि संवेदनशीलता के साथ उनका समाधान भी किया।
नागरिकों ने जिला प्रशासन के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि जब सभी अधिकारी एक साथ मौजूद रहते हैं, तो समस्याओं की सुनवाई और उनका निवारण शीघ्र सुनिश्चित हो पाता है। इससे उन्हें बार-बार अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ती। शिविर में आए कई आवेदकों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान हुआ, जिससे उनके चेहरे पर संतोष और प्रसन्नता स्पष्ट दिखाई दी। अखिलेश कुमार एवं प्रकाश सिंह सहित कई नागरिकों के लिए यह पहल अत्यंत लाभकारी सिद्ध हुई। उनके दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) से संबंधित मामले, जो पहले महीनों या वर्षों में पूरे होते थे, अब मात्र 20 दिनों के भीतर संपन्न कर दिए गए। अखिलेश कुमार ने बताया कि जिन कार्यों में पहले अत्यधिक समय लगता था, वे अब अंचल दिवस के माध्यम से सरलता एवं शीघ्रता से पूरे हो रहे हैं। इसके लिए उन्होंने उपायुक्त महोदया एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
आज के अंचल दिवस में कुल 122 आवेदनों पर सुनवाई की गई, जिनमें से 93 आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन किया गया। दाखिल-खारिज के सभी 18 मामलों का निष्पादन किया गया। साथ ही जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण पत्र से संबंधित सभी 37 आवेदनों का भी सफलतापूर्वक निष्पादन हुआ। इसके अतिरिक्त सर्वजन पेंशन प्रमाण पत्र के सभी 20 मामलों का निष्पादन कर प्रमाण पत्रों का वितरण किया गया। दिव्यांग प्रमाण पत्र के सभी 06 आवेदनों का भी निष्पादन सुनिश्चित किया गया। केसीसी भूमि सत्यापन एवं भू-धारण प्रमाण पत्र से संबंधित सभी 04 मामलों का निष्पादन किया गया। वहीं, उपायुक्त जन शिकायत निवारण से प्राप्त 06 में से 02 आवेदनों का निष्पादन किया गया तथा अंचल में भूमि विवाद से संबंधित प्राप्त 07 में से 04 आवेदनों का निष्पादन हुआ। वर्तमान में भूमि विवाद से संबंधित 02 आवेदनों एवं ऑनलाइन पंजी-II सुधार से संबंधित प्राप्त 15 आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई जारी है। अगला अंचल दिवस शिविर दिनांक 20 दिसंबर को जारी प्रखंड में आयोजित किया जाएगा। जारी प्रखंड के नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अंचल संबंधित अपनी समस्याओं के समाधान हेतु इस अवसर का लाभ उठाएं।
