द फॉलोअप डेस्क
चतरा-डोभी मुख्य मार्ग पर स्थित सघरी घाटी में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से गया की ओर जा रही यात्रियों से भरी ‘बदन बस’ भुईयांडीह-जोरी के बीच एक तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घाटी क्षेत्र में मोड़ काटते समय चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते बस सड़क किनारे जाकर पलट गई। दुर्घटना के समय बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मदद के लिए दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बस के शीशे तोड़े और दरवाजे खोलकर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। कई यात्रियों को हल्की-फुल्की चोटें आईं, जबकि कुछ के घायल होने की भी सूचना है। सूचना मिलते ही वशिष्ठ नगर जोरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया और घटनास्थल पर यातायात को नियंत्रित किया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
