logo

सोने की चेन निगलने वाले उचक्के सलमान का होगा ऑपरेशन, एक साथी गया जेल

chain.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 
राजधानी की सड़कों पर छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो आरोपी को पुलिस ने शनिवार को दबोचा है, जिसमें से एक आरोपी को रविवार को जेल भेज दिया गया है। वहीं एक आरोपी रिम्स में भर्ती है। जगन्नाथपुर थाना की पुलिस ने बताया कि आरोपी अरजन जफर को महिला से छिनतई के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। अरजन हिंदपीढ़ी का रहने वाला है। आरोपी ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है। उसने स्वीकार किया है कि उसने दो चेन छिनतई की वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी जफर का साथी सलमान शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ कई थानों में मामले दर्ज हैं। पुलिस उससे भी पूछताछ करेगी लेकिन पहले उसका ऑपरेशन किया जाएगा। 


 

छाती में अटका हुआ है चेन 
आरोपी सलमान का रिम्स में इलाज चल रहा है। सर्जरी विभाग के प्रो. डॉ मृत्युंजय सरावगी ने बताया कि उसके छाती में चेन अटका हुआ है। दरअसल शनिवार को अरजन जफर और सलमान डिबडीह पुल के पास एक महिला से चेन की छिनतई कर ली थी। पुलिस को सूचना हुई तो एक किलोमीटर पीछा कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया। पुलिस के डर से सलमान ने चेन निगल ली। गिरफ्तारी के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद पुलिस सलमान को रिम्स में भर्ती कराया। 


दो दिन बाद ऑपरेशन 
सलमान का इंडोस्कोपी भी कराया गया लेकिन चेन नहीं निकल सका है। एक दवा दी गई है जिससे चेन थोड़ा नीचे आया है। उम्मीद है कि मल के रास्ते से चेन निकल जाएगा। अगर दो दिन में चेन नहीं निकला तो सलमान का ऑपरेशन किया जाएगा। सलमान का इलाज कर रहे डॉक्टर्स ने उसे ठीक बताया है। 

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N