logo

कल रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस प्रभारी के. राजू के बीच अहम बैठक

a1526.jpg

रांची:

शनिवार को रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और झारखंड कांग्रेस के प्रभारी के. राजू के बीच अहम बैठक होगी। राज्यसभा की 2 सीटों पर उम्मीदवारी को लेकर जारी खींचतान के बीच यह  बैठक अहम मानी जा रही है। कांग्रेस पार्टी ने जहां एक सीट पर उम्मीदवार की घोषणा कर दी है, वहीं आज मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में आयोजित झारखंड मुक्ति मोर्चा में दोनों सीटों पर उम्मीदवार उतारने पर रायशुमारी हुई। कहा जाता है कि मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, हफीजुल हसन, दीपक बिरुआ और योगेंद्र प्रसाद सहित तमाम विधायकों और सांसदों ने मुख्यमंत्री को दोनों सीटों पर झामुमो का उम्मीदवार उतारने की सलाह दी।

उम्मीदवारों के चयन के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को अधिकृत किया गया है। इसी बीच पार्टी के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि प्रत्याशी की घोषणा करके कांग्रेस पार्टी ने हमें ठेस पहुंचाया है। देखना दिलचस्प होगा कि सीएम हेमंत और के. राजू की बैठक में क्या नतीजा निकलता है। 

कांग्रेस और झामुमो के बीच खाई पाटेंगे!
आज कांग्रेस विधायक दल की बैठक में पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस पार्टी के बीच जो खाई है, उसे पाटने का प्रयास किया जा रहा है। सुप्रियो भट्टाचार्य के ठेस पहुंचने वाले बयान पर बोकारो विधायक श्वेता सिंह ने कहा कि यदि झामुमो का दिल दुखा है तो हम क्षमाप्रार्थी हैं।

कांग्रेस के भीतर भी उम्मीदवार पर खींचतान
गौरतलब है कि कांग्रेस पार्टी ने झारखंड में राज्यसभा की 2 में से एक सीट पर प्रणव झा के रूप में एक उम्मीदवार का ऐलान कर दिया। इसे लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा तो क्षुब्ध है ही, कांग्रेस पार्टी के भीतर भी फैसले पर एकमत नहीं है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने सोशल मीडिया पर जो पोस्ट लिखा है, उससे उनकी असहमति अथवा दुख प्रकट होता है। पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने तो सोशल मीडिया पर खुलेआम नाराजगी जताई है। शहजादा अनवर ने कहा कि अकलियत का सम्मान नहीं हुआ।

दरअसल, शहजादा अनवर ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को पत्र लिखकर राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने की मांग की थी। 
 

Tags - Jharkhand NewsHemant SorenK RajuRajya Sabha Election