द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के बेंगाबाद प्रखंड अंतर्गत मधवाडीह पंचायत के बैदाडीह गांव में मंगलवार की रात एक बड़ा हादसा टल गया। लगातार हो रही भारी बारिश के चलते किसान शाहिद अंसारी का कच्चा खपरैल मकान अचानक ढह गया। सौभाग्यवश इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन परिवार के हजारों रुपये मूल्य की संपत्ति मलबे में दबकर नष्ट हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात अचानक घर का एक हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा। गनीमत रही कि घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर के दूसरे कमरे में सो रहे थे और समय रहते बाहर निकलने में सफल रहे। शाहिद अंसारी की मेहनत से बना यह आशियाना चंद मिनटों में मलबे में तब्दील हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय मुखिया मो. सद्दीक अंसारी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मिलकर हालात का जायजा लिया। उन्होंने हरसंभव सहायता का आश्वासन देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्राथमिकता के आधार पर आवास उपलब्ध कराने की पहल की जाएगी।
मकान गिरने के बाद ग्रामीणों ने मलबा हटाकर दबे हुए घरेलू सामान जैसे पलंग, बर्तन, कपड़े और अन्य उपयोगी वस्तुएं निकालने में परिवार की मदद की, लेकिन अधिकतर सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित किसान को आपदा राहत कोष से तत्काल मुआवजा एवं सहायता राशि प्रदान की जाए, ताकि वह दोबारा अपने परिवार के लिए सुरक्षित आवास की व्यवस्था कर सके।
