द फॉलोअप डेस्क
बोकारो में उस वक्त बड़ी अफरा तफरी मच गई, जब जिले के सेक्टर 12 दुंदीबाग मार्केट मोड़ के पास एक दुकान में आग लग गई। जिसके बाद आग ने देखते ही देखते 10 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक कई दुकानें जलकर राख हो चुकी थीं। जिससे करोड़ों के नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक एक दुकान में आज दोपहर 12:30 बजे अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के दुकानदारों ने आग बुझाने की कोशिश की। लेकिन आग तब तक काफी विकराल हो चुका था। जिसके बाद लोगों ने फायर ब्रिगेड विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही तीन, बीएसएल की दो दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटी रहीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू तो पा लिया गया। लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
अभी तक आग लगने का कारण पता नहीं चल सका है, लेकिन लोगों का मानना है कि यह घटना शॉर्ट सर्किट के कारण हुई है। वहीं इस मामले पर नगर थाना प्रभारी सुदामा दास ने बताया, "हमने तुरंत कार्रवाई की, दमकल को बुलाया और आग पर काबू पाने का प्रयास किया।"
घटना को लेकर पीड़ित दुकानदार सुजीत कुमार ने बताया कि उनकी दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। आग इतनी तेज़ी से फैली कि समय पर काबू नहीं पाया जा सका। इस आग से दुकानदारों को काफी नुकसान हुआ है और लाखों का सामान जलकर राख हो गया है। वहीं वकील यादव ने कहा कि काफी प्रयास के बावजूद, वह अपनी दुकान नहीं बचा पाए।