logo

गिरिडीह : गुरु गोबिंद सिंह जी की जयंती पर गुरुद्वारा में भव्य कीर्तन, मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने दी लंगर सेवा

jhkfhvgsd.jpg

द फॉलोअप डेस्क
सिखों के 10वें गुरु, दशमेश पिता, और खालसा पंथ के संस्थापक, धन धन श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का 359वां प्रकाश पर्व रविवार को स्टेशन रोड स्थित गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा में बड़े धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारे में विशेष दीवान का आयोजन किया गया, जहां गुरुद्वारा को रंग-बिरंगे फूलों और रोशनी से सजाया गया था। इस दौरान रांची से आए रागी जत्था भाई भरपूर सिंह और उनकी टीम द्वारा भक्ति रचनाएँ प्रस्तुत की गईं, जैसे "वाह वाह गोबिंद सिंह आपे गुरु, चेला, तुम हो सब राजन के राजा, आपे आप गरीब निवाजा।" इस भव्य कीर्तन को सुनकर संगत निहाल हो गई। भाई भरपूर सिंह ने कीर्तन के माध्यम से संगतों को बताया कि मानव को जीवन में सुख और शांति पाने के लिए जात-पात का त्याग करना चाहिए और सभी को एक सूत्र में बांधने का प्रयास करना चाहिए। गुरुद्वारे के प्रधान मुख्य सेवक डॉ. गुणवंत सिंह मोंगिया और सचिव सम्मी सलूजा ने बताया कि गुरु गोबिंद सिंह जी की जयंती को लेकर 2 जनवरी को अखंड पाठ रखा गया था, जिसका समापन आज गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व पर हुआ। इसके अलावा, 29 दिसंबर से 3 जनवरी तक पांच प्रभात फेरियां भी निकाली गईं।
डॉ. मोंगिया ने बताया कि गुरु गोबिंद सिंह जी केवल एक धार्मिक गुरु ही नहीं थे, बल्कि वे एक महान दार्शनिक, प्रख्यात कवि, निर्भीक योद्धा, अनुभवी लेखक और संगीत के पारखी भी थे। वे केवल 9 वर्ष की आयु में सिखों के गुरु बने और सिख धर्म के अंतिम गुरु रहे। उन्होंने समाज में हो रहे अत्याचारों और अपराधों के खिलाफ विरोध किया और खालसा पंथ की स्थापना की, जो सिख धर्म की सबसे महत्वपूर्ण घटनाओं में से एक है। लंगर की संपूर्ण सेवा गिरिडीह सदर विधायक और झारखंड सरकार के केबिनेट मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू द्वारा की गई थी। मंत्री सोनू ने गुरुद्वारे में माथा टेका और गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने उपस्थित संगत को गुरुपुरब की बधाई दी और कहा कि वे गुरु महाराज की कृपा से पहले विधायक बने और अब मंत्री बने। उन्होंने यह भी कहा कि उनका गुरु घर से विशेष लगाव है और जो भी वह आज तक हासिल कर पाए हैं, वह गुरु महाराज और ईश्वर की कृपा से ही संभव हुआ है। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान डॉ. मोंगिया ने मंत्री सुदिव्य कुमार को शाल देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर झामुमो जिला अध्यक्ष संजय सिंह को भी शाल देकर सम्मानित किया गया।
मंत्री सोनू ने संगत की डिमांड पर गुरुद्वारे के लिए एक जनरेटर देने की घोषणा की और कहा कि जल्द ही वे एक जनरेटर की सेवा गुरुद्वारे को प्रदान करेंगे। इस दौरान मंत्री महोदय ने गुरुद्वारे में लंगर भी ग्रहण किया। इस अवसर पर चरणजीत सिंह सलूजा, देवेंद्र सिंह सलूजा, राजेंद्र सिंह, गुरविंदर सिंह, सतविंदर सिंह सलूजा, देवेंद्र सिंह, अजींदर सिंह चावला, पंजाबी मोहल्ला गुरुद्वारा के प्रधान भूपेंद्र सिंह, गुरु कृपा सेवा सोसाइटी के प्रधान कुशल सलूजा, सचिव प्रिंस सलूजा, गुरुदीप सिंह बग्गा, कुशल सलूजा, कुंवरजीत सिंह, मंजीत सिंह, राजेंद्र सिंह बग्गा, त्रिलोचन सिंह, गुरभेज सिंह कालरा, सुधीर आनंद, रिसी सलूजा, राजू चावला समेत समाज के कई महिला-पुरुष उपस्थित थे।

 

Tags - Latest jharkhand News Jharkhand News Updates Latest Jharkhand News jharkhand News Updates latest Updates Jharkhand Giridih Updates latest Giridih news Giridih News Giridih news Updates latest Giridih News Giridih News Updates Jharkhand news Upd