logo

जमशेदपुर के 2 गोदामों में लगी भीषण आग, 8 दमकल ने 5 घंटे बाद पाया काबू

FIRE_BRIGADE.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित गदड़ा के पूजा सामग्री गोदाम और चूना भट्ठा गोदाम में शुक्रवार देर शाम भीषण आग लग गयी। आग इतनी विकराल थी कि महज कुछ ही घंटों में दुकान में रखी सभी सामग्री जलकर खाक हो गयी। इधर, आग लगने से घनी आबादी क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गोदाम में आग लगने से लपटें काफी ऊपर तक जा रही थी। जिससे बस्तीवासी दहशत में थे। जिसके बाद आसपास के बस्तीवाले जुटे और प्रशासन को आग लगने की जानकारी दी गयी। सूचना मिलने पर झारखंड अग्निशमन, टाटा मोटर्स और टाटा पावर की 8 दमकल गाड़ियां पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास में जुट गयी, लेकिन आग की लपटे इतनी भयावह थी कि उसपर पूरी तरह काबू पाने में 5 घंटे से अधिक का समय लग गया। इस दौरान 6 दमकल की गाड़ियों का पानी भी खत्म हो गया।

हालांकि, दमकलकर्मियों ने करीब 5 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। बताया जा रहा है कि सभवतः शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की घटना घटी है। जिस वक्त घटना घटी गोदाम में कुछ मजदूर काम कर रहे थे। शाम करीब 7 बजे गोदाम से धुआं उठने के बाद लोगों को आग लगने का आभास हुआ। इधर, जानकारी मिलने पर परसुडीह थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। 

जिन 2 गोदामों में आग लगी, उनमें पूजा सामग्री का गोदाम विशाल गुप्ता और चूना भट्ठा गोदाम उमेंद्र सिंह का है। पूजा सामग्री गोदाम के संचालक विशाल गुप्ता के रिश्तेदार विनोद गुप्ता ने बताया कि जिस वक्त आग लगी, वे साकची मानसरोवर लाइन स्थित अपनी पूजा सामग्र की दुकान में थे। सूचना मिलने पर पहुंचे तो गोदाम में सभी सामग्री जल चुकी थी। इससे करीब 2 करोड़ का नुकसान हुआ है। वहीं, चूना गोदाम के मालिक उमेंद्र सिंह ने बताया कि आग लगने से उनके करीब 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।


 

Tags - Jharkhand News Jamshedpur News Jamshedpur Latest News Huge fire fire in shop