logo

गिरिडीह में शादी की तैयारियों के बीच बड़ी चोरी, नकदी और जेवरात समेत लाखों की संपत्ति साफ

ytuw5um.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मटरूखा के टोला मोहलीटांड़ में बुधवार रात चोरी की एक सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय निवासी मोहन राय के घर अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। जानकारी के अनुसार, मई माह में उनकी बेटी की शादी प्रस्तावित है, जिसके मद्देनज़र घर में तैयारियां चल रही थीं। शादी के लिए नकदी, आभूषण और कीमती बर्तन अलमारियों एवं बक्सों में सुरक्षित रखे गए थे।
परिजनों ने बताया कि चोरों ने दीवार फांदकर घर में प्रवेश किया और परिवार के सदस्यों के सोने वाले कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी, ताकि कोई जागने पर बाहर न निकल सके। इसके बाद उन्होंने नगद और जेवर रखे कमरे का ताला तोड़ दिया तथा बक्सों और अलमारियों से करीब दो लाख रुपये नकद, लगभग दो लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए।
घटना की जानकारी गुरुवार सुबह तब हुई जब परिजनों ने कमरे के टूटे ताले और बिखरा सामान देखा। चोरी की इस वारदात से परिवार गहरे सदमे में है। परिजनों का कहना है कि बेटी की शादी की तैयारियों के बीच हुई यह घटना उनके लिए बड़ी आर्थिक और मानसिक चोट है। परिवार ने प्रशासन से शीघ्र जांच कर अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है, ताकि दोषियों को कड़ी सजा मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

 

Tags - Giridih Theft News Giridih Burglary Case Matrukha Village Theft Wedding House Robbery in Jharkhand Cash and Jewellery Theft Case Jharkhand Crime News Criminal Investigation Giridih Police Night Theft Case in Giridih