logo

विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पिता ने दामाद पर दहेज प्रताड़ना का लगाया आरोप

विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पिता ने दामाद पर दहेज प्रताड़ना का लगाया आरोप

गढ़वा:

Jharkhand News: गढ़वा (Garhwa) में 28 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका का नाम प्रेमा देवी है। मामला कांडी प्रखंड (Kandi Block) अंतर्गत हरिहरपुर ओपी क्षेत्र अंतर्गत डुमरसोता पंचायत के श्रीनगर गांव स्थित डीह टोला का है। मृतका प्रेमा देवी के पिता ने पति समेत ससुराल पक्ष के बाकी सदस्यों पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाते हुए हरिहरपुर ओपी में लिखित आवेदन दिया है।

 

वर्ष 2022 में राहुल से हुई थी प्रेमा की शादी
मृतका के पिता बैजनाथ राम ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2022 में अपनी पुत्री प्रेमा देवी की शादी श्रीनगर गांव निवासी राजू चंद्रवंशी के पुत्र राहुल कुमार चंद्रवंशी के साथ हिंदू रीति-रिवाज से की थी। आरोप है कि शादी के कुछ वर्षों बाद ही दहेज की मांग को लेकर उनकी पुत्री को ससुराल में लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा। इस मामले को लेकर कई बार दोनों पक्षों के बीच समझौता भी कराया गया, लेकिन इसके बावजूद प्रताड़ना का सिलसिला नहीं रुका।

पति ने पिता को दी प्रेमा की मौत की सूचना
प्रेमा देवी का मायका कांडी प्रखंड के शिवपुर पंचायत अंतर्गत बहेरा गांव में था। पिता के अनुसार, बुधवार को उनके दामाद राहुल कुमार चंद्रवंशी ने फोन कर पुत्री की मौत की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद जब वे ससुराल पहुंचे तो पुत्री के शव की स्थिति संदिग्ध प्रतीत हुई। इसके बाद उन्होंने पति राहुल कुमार चंद्रवंशी, सास सरिता देवी समेत परिवार के अन्य सदस्यों पर पुत्री की हत्या करने का आरोप लगाया। मृतका की दो वर्षीय एक बेटी भी है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही पुलिस

इस संबंध में हरिहरपुर ओपी प्रभारी परवेज आलम ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही विवाहिता की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

Tags - Jharkhand NewsDowry DeathSuspicious Death of Married WomenCrime News