logo

इंस्टाग्राम वाले बॉयफ्रेंड से मिलने निकली 14 साल की लड़की रास्ता भटकी, वैशाली से पहुंच गई तीनपहाड़; जानें पूरा मामला

a2132.jpg

द फॉलोअप डेस्क:

इंस्टाग्राम पर बने बॉयफ्रेंड से मिलने की कोशिश में बिहार के वैशाली की रहने वाली नाबालिग लड़की झारखंड के तीनपहाड़ पहुंच गई। तीनपहाड़ जंक्शन पर एक स्थानीय महिला ने जब उसे घबराई हुई अवस्था में देखा तो पुलिस को सूचना दी। अब पुलिस लड़की को सुरक्षित उसके परिजनों को सुपुर्द करने की तैयारी में लगी है। मामला सोमवार का है। दरअसल, तीनपहाड़ थानाक्षेत्र अंतर्गत बाबूपुर यादव टोला की एक महिला ने तीनपहाड़ जंक्शन पर एक ट्रेन में नाबालिग लड़की को घबराई हुई हालत में देखा। महिला ने तुरंत किशोरी को तीनपहाड़ थाने के सुपुर्द कर दिया।

पूछने पर नाबालिग ने बताया कि वह बिहार के वैशाली जिला अंतर्गत नगर थानाक्षेत्र अंतर्गत इस्माइलपुर की रहने वाली है। इंस्टाग्राम पर बिहार के आरा के रहने वाले एक लड़के से जान-पहचान हुई थी। लड़की का दावा है कि उनके बीच प्रेम-ससंबंध है और वह घर में परिजनों को बिना बताए अपने कथित बॉयफ्रेंड से मिलने के लिए घर से निकली थी। हालांकि, वह रास्ता भटककर तीनपहाड़ पहुंच गई। 

पुलिस ने फोन पर पिता को दी जानकारी
पुलिस ने सारी जानकारी हासिल करने के बाद लड़की के पिता को फोन पर सूचना दी। बाल संरक्षण संबंधित कानूनी प्रावधानों का पालन करते हुए किशोरी को बाल कल्याण समिति  के सामने प्रस्तुत किया गया और फिर मंथन संस्था के सामुदायिक सामाजिक कार्यकर्ता अंशु मल्हारकर के सुपुर्द कर दिया। 

नाबालिगों की गतिविधियों पर निगाह जरूरी
तीनपहाड़ थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार पांडेय ने कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग करते समय सावधानी बरतना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन दोस्ती कई बार नाबालिग बच्चों को गंभीर खतरे में डाल देती है। उन्होंने कहा कि माता-पिता को बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर निगाह रखनी चाहिए। बच्चों के साथ खुलकर संवाद कीजिए औरर उनको समझाइये कि किसी अनजान व्यक्ति से मिलना या बिना बताए घर से बाहर चले जाना खतरनाक साबित हो सकता है।

उन्होंने लोगों से भी अपील की है कि कहीं कोई संदिग्ध या घबराया हुआ बच्चा दिखाई पड़े तो त्वरित पुलिस को सूचना दें। इस केस में भी स्थानीय महिला की जागरूकता और मानवीय संवेदना की वजह से ही नाबालिग अपने सुरक्षित घर जाने की हालत में है। 

Tags - Tinpahar JN.Jharkhand NewsMinor Girl Lost During TravelingCrime NewsSahebganj