सोनारायठाड़ी/देवघर:
देवघर जिले के सोनारायठाड़ी थानाक्षेत्र के नवाडीह गांव में मंगलवार को मां-बेटे की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान जुबेदा खातून और उनके बेटे के रूप में हुई है। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के नेतृत्व में 4 थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से जांच कर रही है ताकि हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान की जा सके।
पुलिस पारिवारिक विवाद, आपसी रंजिश और संपत्ति विवाद समेत विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

कुल्हाड़ी जैसे धारदार हथियार से हत्या
पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने बताया कि बीती रात करीब साढ़े 3 से 4 बजे के बीच सूचना मिली कि सोनारायठाड़ी थाना क्षेत्र के नवाडीह गांव में जुबेदा खातून और उनके बेटे की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां दोनों के शव खून से लथपथ पड़े मिले। घटनास्थल की स्थिति को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि दोनों की हत्या कुल्हाड़ी और हथौड़े जैसे भारी हथियारों से की गई है।

आरोपियों की पहचान करने में जुटी पुलिस
एसपी ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है। पुलिस जल्द ही हत्या के कारणों का खुलासा कर दोषियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का दावा कर रही है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस लगातार क्षेत्र में छानबीन में जुटी हुई है।