logo

जामताड़ा में दहेज के लिए नवविवाहिता की हत्या, आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से दर-दर भटक रहे पीड़ित परिजन

dtywbh.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा थाना क्षेत्र के बीरगांव में दहेज के लिए एक नवविवाहिता की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका सायरा खातून के परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाने से लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक गुहार लगा रहे हैं। मृतका के भाई, श्यामपुर निवासी रिजाउल अंसारी ने बताया कि उसकी बहन की शादी दो वर्ष पूर्व बीरगांव के अब्दुल हमीद के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले सायरा को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। घटना से एक दिन पहले सायरा अपने मायके आई थी और कुछ पैसे लेकर ससुराल वापस गई थी। अगले ही दिन पति और ससुराल के अन्य सदस्यों ने मिलकर कथित तौर पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मृतका के पति और उसके भाई को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। परिजनों ने इस मामले में जामताड़ा थाने में कुल पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। घटना को एक महीना बीत जाने के बाद भी मुख्य आरोपी, जिनमें सायरा के सास, ससुर और भैसुर शामिल हैं, खुलेआम घूम रहे हैं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि फरार आरोपी अब उन्हें केस उठाने के लिए जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। न्याय की गुहार लगाते हुए रिजाउल ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने 23 मार्च को जामताड़ा एसपी और डीएसपी को लिखित आवेदन देकर सुरक्षा और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

 

Tags - Birgaon dowry murder Jharkhand Jamtara dowry death case dowry harassment case India domestic violence dowry death India justice for dowry victim India threats to victim family India