द फॉलोअप डेस्क
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) में विभिन्न पदों पर बहाली में गजब का गोरखधंधा जारी है। नियुक्ति प्रक्रिया में जिसे चाहा उसे छांट दिया, जिसे चाहा बुला लिया जा रहा है। अभ्यर्थी के आहर्ता के साथ जबरदस्त खेल किया जा रहा है। इंटरव्यू के लिए सार्वजनिक सूचना को एनएचएम के आधिकारिक वेबसाइट पर डालने के बदले अभ्यर्थियों को व्यक्तिगत ई-मेल पर भेज कर किसी को लाभ पहुंचाया जा रहा है। बहाली में जारी गोरखधंधा का खुलासा सीनियर हॉस्पिटल मैनेजर, हॉस्पिटल मैनेजर, आईटी एग्जक्युटिव और फायनांस मैनेजर की नियुक्ति प्रक्रिया में हुआ है। इन पदों पर नियुक्ति के लिए एनएचएम ने 20 जून 2025 के आदेश के आलोक में विज्ञापन संख्या 1/2025(HM)540(MD) अपने आधिकारिक वेबसाइट www.jrhm.jharkhand.gov.in पर जारी किया था। उसके बाद मनचाहे लोगों और पैरवी पुत्रों की बहाली को सुनिश्चित करने के लिए किस तरह का गोरखधंधा जारी है, यह न सिर्फ दिलचस्प है, बल्कि निष्कर्ष यह है कि कहीं कोई देखने और सुननेवाला नहीं है।

क्या और कैसे जारी है गोरखधंधा
मो अजरुद्दीन नामक एक युवक ने उपरोक्त विज्ञापन के आधार पर सीनियर हॉस्पिटल मैनेजर और हॉस्पिटल मैनेजर पद के लिए आवेदन (आवेदन संख्या-10000354415) किया। सीनियर मैनेजर पद के लिए आहर्ता में पांच साल का और हॉस्पिटल मैनेजर पद के लिए तीन साल का अनुभव अनिवार्य था। मो अजरुद्दीन का सीनियर हॉस्पिटल मैनेजर पद के लिए पांच साल दो महीना और हॉस्पिटल मैनेजर पद के लिए चार साल नौ महीने का अनुभव था। उसके आवेदन में भी इसका जिक्र था। उसके साथ सपोर्टिंग डोक्युमेंट भी उसने लगाया था। अब दिलचस्प रूप से एक नवंबर 2025 को वेबसाइट पर आपत्ति मांगी गयी और उसे दर्ज कराने की अंतिम तिथि दो नवंबर तक दी गयी। आपत्ति देने का समय मात्र एक दिन दिया गया। तीन नवंबर से इंटरव्यू की तिथि निर्धारित की गयी। लेकिन दिलचस्प रूप से अजरुद्दीन के अनुभव को उल्टा कर दिया गया था। सीनियर हॉस्पिटल मैनेजर पद के अनुभव में चार साल नौ महीना और हॉस्पिटल मैनेजर पद के अनुभव में पांच साल दो महीना का प्रमाण संलग्न कर दिया गया था। हालांकि आपत्ति दर्ज कराने पर एनएचएम ने इसे सुधार दिया। युवक का छह नवंबर 2025 को इंटरव्यू भी हुआ। लेकिन कुछ अन्य अभ्यर्थियों की शिकायत के बाद मुख्यमंत्री के आदेश पर जांच कराने और विज्ञापन रद्द करने की बात अखबारों में प्रकाशित हुई।
.jpeg)
अब शुरू हुआ नया खेल
एनएचएम ने 22 दिसंबर 2025 को हॉस्पिटल मैनेजर पद के लिए डोक्युमेंट वेरिफिकेशन और इंटरव्यू की तिथि घोषित की। 29 एवं 20 दिसंबर 2025 को इंटरव्यू के बाद 7 फरवरी को अभियान निदेशक के हस्ताक्षर से हॉस्पिटल मैनेजर पद के विज्ञापन रद्द कर दिया गया। उसके बाद इस पद के लिए फ्रेश विज्ञापन 2 मार्च 2026 को निकाला गया। अब दिलचस्प रूप से सीनियर हॉस्पिटल मैनेजर, आईटी एग्जक्युटिव और फायनांस मैनेजर के इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्टेड कैंडिडेट्स को छह मार्च से नौ मार्च को बुलाया गया। लेकिन एनएचएम के आधिकारिक वेबसाइट पर इंटरव्यू और प्रमाण पत्रों की जांच की सूचना नहीं दी गयी। चहेते उम्मीदवारों को उनके व्यक्तिगत मेल पर इंटरव्यू की सूचना दी गयी। इस तरह एनएचएम में बहाली का गोरखधंधा जारी है।
