द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के गांडेय थाना क्षेत्र स्थित गोविंदपुरा गांव में एक दर्दनाक हादसे में पति-पत्नी की डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतकों की पहचान राजेंद्र मुर्मू और उनकी पत्नी पार्वती देवी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, पार्वती देवी रोज की तरह घर के काम में जुटी थीं और इसी दौरान वह कुएं से पानी निकालने पहुंचीं। पानी खींचते समय अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह कुएं में गिर गईं। पत्नी को कुएं में गिरता देख राजेंद्र मुर्मू ने बिना देर किए उन्हें बचाने के लिए कुएं में छलांग लगा दी। लेकिन कुआं काफी गहरा होने और उसमें पानी अधिक होने के कारण दोनों ही खुद को संभाल नहीं सके और डूब गए। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई, लेकिन जब तक कोई प्रभावी प्रयास किया जाता, तब तक काफी देर हो चुकी थी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर गांडेय थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को कुएं से बाहर निकाला। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
