द फॉलोअप डेस्क
आनंदपुर प्रखंड के बिंजु पंचायत के रुंघी गांव के केंदाड़ी टोला निवासी सेम लुगुन (55) की शुक्रवार शाम को जंगली दंतैल हाथी ने कुचलकर मौत कर दी। घटना शाम लगभग छह बजे हुई, जब सेम अपने खलिहान की ओर जा रहे थे। जानकारी के अनुसार, अचानक हाथी ने सेम पर हमला कर दिया। सेम ने अफरा-तफरी में भागने की कोशिश की, लेकिन हाथी ने उन्हें अपनी सूंड में उठाकर खलिहान से करीब 10 से 20 फीट दूर एक छोटे आम के पेड़ के नीचे पटक दिया और अपनी पैर से उनके माथे को कुचल दिया। इस दौरान हाथी जोर-जोर से गरज रहा था, जिससे पूरे गांव में डर फैल गया। घटना के बाद हाथी जंगल की ओर भाग गया।
सूचना मिलते ही बिंजु पंचायत के मुखिया ज्योति सिंह ने वन विभाग को सूचित किया। मौके पर आनंदपुर वन क्षेत्र पदाधिकारी तरूण सिंह ने वनरक्षियों को घटना स्थल पर भेजकर मृतक के परिजनों को 20 हजार रुपए सहायता राशि प्रदान की। घटना को देखते हुए वन विभाग ने ग्रामीणों को पटाखे और टॉर्च भी वितरित किए। शनिवार सुबह आनंदपुर पुलिस ने केंदाड़ी गांवजाकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर भेजा। इस घटना के बाद पूरे गांव में डर और चिंता का माहौल बना हुआ है।
