logo

रांची में महिला के चेहरे पर कालिख पोतकर घुमाया, दो आरोपी गिरफ्तार

rape36.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची के सदर थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ मारपीट और सार्वजनिक रूप से अपमानित करने का गंभीर मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना को लेकर पीड़िता ने 29 मार्च को सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। महिला, जो खूंटी जिले की रहने वाली है और फिलहाल रांची में किराए के मकान में रहती है, ने आरोप लगाया कि उसी दिन पंकज कुमार नामक व्यक्ति उसके घर पहुंचा। उसने गाली-गलौज करते हुए महिला को जबरन घर से बाहर खींच लिया।

 
पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने न केवल उसके साथ मारपीट की, बल्कि उसे और एक अन्य महिला को चप्पलों की माला पहनाई। इसके बाद उनके चेहरे पर कालिख पोतकर पूरे मोहल्ले में घुमाया गया, जिससे उन्हें सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके बेटे और परिचितों पर वाहन चोरी का आरोप लगाते हुए हिंसक व्यवहार किया, उसके कपड़े फाड़ दिए और गलत नीयत से पकड़ने की कोशिश की। 


मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। जांच के बाद मुख्य आरोपी पंकज कुमार सिंह उर्फ पंकज और सनताना कुमारी को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।