द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिला के घाघरा थाना क्षेत्र के नवडीहा के समीप सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। वहीं मां, बहन व बेटी गंभीर रूप से घायल हैं। जानकारी के अनुसार, छोटा खपिया निवासी लगभग 20 वर्षीय रामवीर उरांव की मौत सड़क दुर्घटना में हुई है। घायलों में लगभग 45 वर्षीय मां मुनी देवी, 14 वर्षीय बहन करिश्मा कुमारी और 3 वर्षीय बेटी आरोही कुमारी शामिल हैं।
घायल करिश्मा कुमारी ने बताया कि सभी गम्हरिया बाजार गए थे। वहां से मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपना घर लौट रहे थे। इसी दौरान नवडीहा के समीप विपरीत दिशा से आ रहे हाईवे से सीधी भिड़ंत हो गई। घटना के बाद रामवीर की मौत घटनास्थल पर हो गई। इसके बाद ग्रामीणों व पुलिस की मदद से सभी को घाघरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां इलाज के बाद तीनों घायलों को गुमला सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं, मृतक रामवीर के शव को घाघरा पुलिस ने कब्जे में लेकर थाना ले आई है।
