logo

पूर्वी सिंहभूम : शंख नदी की धार में 3 किलोमीटर तक बहा युवक, ग्रामीणों ने बचाई जान

शंख_नदी.jpg

द फॉलोअप डेस्क

पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया प्रखंड से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ शंख नदी के तेज बहाव में एक युवक पेड़ के सहारे अपनी जान बचाने की जद्दोजहद कर रहा था। दरअसल, डुमरिया प्रखंड से एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पानी की तेज धार में एक युवक पेड़ पर चढ़ा दिख रहा है। बताया जा रहा है कि युवक स्टंट दिखाने के लिए नदी के तेज बहाव में कूद पड़ा। इसके बाद माहिर तैराक होने के बावजूद युवक तेज बहाव में बहने लगा। इस दौरान युवक नदी के तेज बहाव में करीब 3 किलोमीटर तक बहता गया, जिसके बाद उसके आगे एक पेड़ आने पर उसने पेड़ को पकड़ा और उस पर चढ़ गया। हालांकि, ग्रामीणों की सूझबूझ से युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, डुमरिया प्रखंड के बड़ाकांजिया पंचायत के मुखिया सुरेश हेंब्रम का पुत्र सुगनाथ हेंब्रम रविवार को जादूगोड़ा क्षेत्र के बुरुई पुल पर अपने चार दोस्तों के साथ खड़ा था। उसी दौरान सभी दोस्तों ने शंख नदी में नहाने का विचार किया, लेकिन सबने पानी की तेज धार को देखकर नहाने से मना कर दिया। इसी बीच सुगनाथ जींस पैंट और टी-शर्ट पहने नदी में कूद गया। इसके बाद पानी के तेज बहाव के कारण वह तैर नहीं पाया और जादूगोड़ा से काटसाकड़ा तक लगभग तीन किलोमीटर बाढ़ के पानी में बह गया। संयोगवश एक पेड़ सामने आ गया, जिसे पकड़कर वह काफी देर तक लटका रहा। बाद में पेड़ से लटका हुआ देख ग्रामीणों ने तत्परता दिखाई और युवक को पानी के तेज बहाव से बाहर निकाला, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

 

Tags - Latest Updates Latest jamshedpur news jamshedpur Updates latest jamshedpur News Shank River Shank River news latest jharkhand News Jharkhand Updates Latest updates in Hindi Latest News Latest Updates