गढ़वा:
भवनाथपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत चेरवाडीह गांव में पुलिस ने अवैध हथियार रखने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। इस संबंध में एसडीपीओ कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह ने मामले की जानकारी दी।

8 हजार रुपये की खातिर मारपीट
उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध पिस्टल के साथ गांव के ही गुणा कुमार के साथ मारपीट कर रहा है। जांच में पता चला कि 8 हजार रुपये के बकाया विवाद को लेकर मारपीट की जा रही थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की।

तलाशी में मिला देसी कट्टा
तलाशी के दौरान पुलिस ने एक युवक के पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान अशोक कुमार (32 वर्ष), पिता कामेश्वर राम, निवासी भिमखांड, थाना मेराल, जिला गढ़वा के रूप में बताई।