द फॉलोअप डेस्कः
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद पिंटू को 16 जनवरी को ईडी ने पूछताछ के लिए बुलाया था। लेकिन वह नहीं गये। अब खबर आ रही है कि पिंटू 22 जनवरी के बाद जा सकते हैं। उन्होंने ईडी से समय मांगा है। पिंटू ने ईडी को पत्र लिखा है। जिसमें लिखा है कि उनकी पत्नी की तबीयत खराब है इसलिए पूछताछ के लिए उन्हें 22 जनवरी के बाद का समय दिया जाय।

16 जनवरी को पिंटू को बुलाया गया
झारखंड में 1 हजार करोड़ रुपये से अधिक के अवैध खनन केस में प्रवर्तन निदेशालय ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मीडिया सलाहकार अभिषेक प्रसाद पिंटू को समन जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया था। अभिषेक प्रसाद पिंटू को 16 जनवरी को पूछताछ के लिए तलब किय गया था। लेकिन वह नहीं पहुंचे। गौरतलब है कि प्रवर्तन निदेशालय ने 3 जनवरी को तड़के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मीडिया सलाहकार अभिषेक प्रसाद पिंटू के रातू रोड स्थित आवास पर छापा मारा था।

सीएम सोरेन से होगी 20 जनवरी को पूछताछ
बता दें कि इसी मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी पूछताछ होनी है। सीएम ने आगामी 20 जनवरी को कांके रोड स्थित अपने सरकारी आवास में ईडी के अधिकारियों को उनसे पूछताछ करने के लिए बुलाया है। इससे पहले अब तक उन्हें सात बार समन भेजे जा चुके हैं, लेकिन एक भी बार वह ईडी के समक्ष उपस्थित नहीं हुए।