द फॉलोअप डेस्क
लोहरदगा जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सेन्हा प्रखंड अंतर्गत डाड़ू पंचायत के पंचायत सचिव सुरेंद्र गुप्ता को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शुक्रवार को सेन्हा प्रखंड कार्यालय परिसर में की गई। जानकारी के अनुसार पंचायत सचिव सुरेंद्र गुप्ता पर महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत संचालित बिरसा हरित ग्राम बगवानी योजना के मस्टर रोल में हस्ताक्षर करने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। इस संबंध में पीड़ित कृष्णा उरांव ने एसीबी से लिखित शिकायत की थी। शिकायत की सत्यता जांचने के बाद एसीबी की टीम ने जाल बिछाया और शुक्रवार को प्रखंड कार्यालय पहुंचकर पंचायत सचिव को रिश्वत की राशि लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी पंचायत सचिव को अपने साथ रांची ले गई।
सूत्रों के अनुसार एसीबी की टीम ने कार्रवाई के दौरान प्रखंड कार्यालय से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए हैं। बताया जाता है कि पंचायत सचिव पर पहले से ही रिश्वत लेने की आदत होने की चर्चा थी और समय के साथ कथित रूप से रिश्वत की मांग बढ़ती जा रही थी, जिससे परेशान होकर पीड़ित ने एसीबी से न्याय की गुहार लगाई। पंचायत सचिव की गिरफ्तारी के बाद सेन्हा प्रखंड कार्यालय में कुछ देर के लिए सन्नाटा पसर गया। वहीं एसीबी की इस कार्रवाई के बाद भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है।
