logo

मुड़मा में मंदिरों में प्रतिमा खंडित करने वाले आरोपी की मिर्गी से मौत, अन्य 2 आरोपियों की गिरफ्तारी

mudma.jpg

द फॉलोअप टीम, रांचीः
16 नवंबर की देर रात को मांडर थाना क्षेत्र के मुड़मा गांव में चार मंदिरों की प्रतिमाओं को खंडित किया गया था। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हालांकि इन पर प्रतिमा खंडित करने का नहीं बल्कि साक्ष्य छिपाने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि सुखदेव उरांव के द्वारा मुड़मा गांव में स्थित चार मंदिरों की प्रतिमाओं को खंडित किया गया था। प्रतिमा को खंडित करने के बाद सुखदेव अपने घर चला गया, वहीं परिजनों को उसने यह पूरी बात बताई। परिजनों ने उसके साथ मारपीट भी की। इसी बीच उसे मिर्गी का दौरा पड़ा और उसकी मौत हो गई। 


परिजनों ने शव जला दिया
वहीं, प्रतिमाओं की खंडित करने का मामला जब लोगों को पता चला तो लोगों ने पूरे मांडर इलाके को जाम कर दिया। मृतक के परिजन जिन्हें इस पूरे मामले की जानकारी थी, उन्होंने पुलिस को प्रतिमा खंडित होने से संबंधित कोई भी जानकारी नहीं दी। इसके अलावा आरोपी सुखदेव उरांव के शव को भी जला दिया। इस पूरे मामले में जब पुलिस की जांच आगे बढ़ी और मामले में तार एक दूसरे से जुड़ने लगे तो पुलिस सुखदेव के घर पहुंची।


दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया
पहले तो सुखदेव के परिजनों ने कुछ भी नहीं बताया। हालांकि जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तब परिवार टूट गया और सुखदेव उरांव के भाई इटावा और सोमा उरांव ने पुलिस को पूरी कहानी बता दी। इसके बाद पुलिस ने इन दो आरोपियों को साक्ष्य छिपाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। मामले की जानकारी देते हुए ग्रामीण एसपी ने बताया कि कई टेक्निकल एविडेंस भी पुलिस को मिले हैं, साथ ही आरोपियों के द्वारा पुलिस को यह जानकारी भी दी गई है कि मुड़मा मेले में दुकान लगाने को लेकर कुछ लोगों के साथ उनका विवाद हुआ था। 

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N