logo

आदित्य साहू ने BJP प्रदेश अध्यक्ष का संभाला पदभार, राज्य सरकार को घेरा, CM के विदेश दौरे पर भी उठाए सवाल

fynjuwrh6wur.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने आज विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने से पहले उन्होंने सरस्वती पूजा के अवसर पर पूजा-अर्चना की, इसके बाद संगठन की जिम्मेदारी ग्रहण की। ऐसे में उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस सपने के साथ झारखंड राज्य का गठन हुआ था, वर्तमान सरकार उस सपने को धूल-धूसरित करने का काम कर रही है। राज्य में बड़े पैमाने पर अन्याय और अत्याचार फैल रहा है, जिसके खिलाफ भाजपा के बूथ स्तर के कार्यकर्ता संगठनात्मक रूप से संघर्ष करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा देश की सबसे बड़ी पार्टी है और संगठन की विचारधारा को गांव-गांव, व्यक्ति-व्यक्ति तक पहुंचाने का काम किया जाएगा। पदभार ग्रहण करते हुए आदित्य साहू ने कहा कि वे भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करते हैं, जिन्होंने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने कहा कि उनका राजनीतिक सफर बूथ स्तर के कार्यकर्ता से लेकर प्रदेश अध्यक्ष बनने तक का रहा है और यह सिर्फ भारतीय जनता पार्टी में ही संभव है।
वहीं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विदेश दौरे को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री निवेश लाने के लिए विदेश गए हैं, अब देखना यह है कि वे झारखंड के लिए क्या लेकर आते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर देखा गया कि वहां महंगे मफलर और जैकेट पहने हुए थे, यानी निवेश तो किया गया है, लेकिन झारखंड के लिए क्या लाया गया, यह अभी स्पष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी मुख्यमंत्री विदेश यात्रा पर गए थे, लेकिन उसका कोई सकारात्मक परिणाम सामने नहीं आया। आज झारखंड में कहीं भी निवेश दिखाई नहीं दे रहा है। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि आदित्य साहू के पास संगठन में काम करने का लंबा अनुभव है। वे बूथ स्तर से प्रदेश अध्यक्ष बने हैं, इसलिए उन्हें किसी विशेष मार्गदर्शन की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष और विधायक दल नेता की जिम्मेदारियां अलग-अलग होती हैं। अब दोनों भूमिकाएं अलग होने से संगठन और अधिक मजबूती के साथ काम करेगा। इसके अलावा बाबूलाल मरांडी ने आज नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और देश की आज़ादी में उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि नेताजी द्वारा गठित आज़ाद हिंद फौज का स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
वहीं राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने भी राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का विदेश दौरा एक तरह की अग्नि परीक्षा है। यह देखा जाएगा कि वे झारखंड के लिए निवेश लाने में कितने सफल होते हैं। उन्होंने कहा कि आज झारखंड की स्थिति यह है कि उद्योग बंद हो रहे हैं, उद्योगपतियों का पलायन हो रहा है और अपहरण जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन राज्य सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में सिर्फ खनिज संपदा की लूट हो रही है। मुख्यमंत्री का विदेश दौरा कितना सफल रहा, यह जल्द ही स्पष्ट हो जाएगा कि वे निवेश लाने गए थे या केवल अपने पदाधिकारियों के साथ भ्रमण करने। दीपक प्रकाश ने आदित्य साहू को प्रदेश अध्यक्ष बनने पर बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली, पानी और विशेष रूप से बिगड़ी कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर भाजपा मजबूती से संघर्ष करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आदित्य साहू का कार्यकाल संगठन के लिए पहले से भी बेहतर साबित होगा।

 

Tags - latest jharkhand News Jharkhand News updates  Jharkhand News Updates Latest jharkhand News Aditya Sahu News Updates Aditya Sahu news Updates Aditya Sahu News updates Aditya Sahu news updates Aditya Sahu news in hindi