द फॉलोअप डेस्क
आदित्यपुर थाना पुलिस ने चोरी की चार मोटरसाइकिलों के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर चलाये जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई। दरअसल, पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर आदित्यपुर थाना क्षेत्र में छापामारी की। जहां से दो युवक चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ पकड़े गये। गिरफ्तार किये गये युवकों की पहचान रवि महतो उर्फ पतली और सुरज सोय उर्फ डाकु के रूप में हुई है।
रवि महतो उर्फ पतली की उम्र 19 वर्ष है। वह मूल रूप से बारीजोड़ी, थाना राजनगर का रहने वाला है और फिलहाल आदित्यपुर के सालडीह बस्ती, एलआईसी कॉलोनी के पास रह रहा था। वहीं सुरज सोय उर्फ डाकु की उम्र 23 वर्ष है। वह चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के इन्द्रकाटा गांव का निवासी है और वर्तमान में आदित्यपुर के एलआईसी कॉलोनी के नीचे किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस ने दोनों के पास से चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें एक हीरो होंडा मोटरसाइकिल और तीन स्प्लेंडर प्लस बाइक शामिल हैं। बरामद सभी मोटरसाइकिलें चोरी की बताई जा रही हैं। पुलिस के अनुसार, सुरज सोय उर्फ डाकु के खिलाफ पहले से आदित्यपुर थाना में चोरी सहित कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है और आगे की जांच जारी है।
