logo

गुमला : 30 ग्रामीण महिलाओं को प्रशासन ने भेजा गुजरात, IRMA में लेंगी विशेष प्रशिक्षण

gumla_mahila_gijraat.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिले की पहचान कभी नक्सलवाद, पलायन और ट्रैफिकिंग जैसी समस्याओं के कारण नकारात्मक रूप में होती थी, लेकिन अब समय बदल रहा है। हाल के वर्षों में गुमला की तस्वीर तेजी से सकारात्मक हो रही है। इसी कड़ी में एक और प्रेरणादायक पहल देखने को मिली है।
जिले की उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित की पहल पर गुमला की 30 ग्रामीण महिलाओं को गुजरात के प्रतिष्ठित संस्था IRMA (Institute of Rural Management Anand) में तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण के लिए भेजा गया है। जिला के परिसदन भवन से डीडीसी दिलेश्वर महतो, जिला कल्याण पदाधिकारी आलोक कुमार सहित कई प्रशासनिक पदाधिकारियों ने इन महिलाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। खास बात यह रही कि ये सभी महिलाएं हवाई मार्ग से यात्रा करेंगी। रांची एयरपोर्ट से स्वयं डीसी प्रेरणा दीक्षित उन्हें विदा करेंगी।
गुमला से चयनित इन 30 महिलाओं में अधिकांश ऐसी हैं, जिन्होंने अपने मेहनत और प्रतिभा के बल पर जिले में एक अलग पहचान बनाई है। कभी जो महिलाएं दूसरे राज्यों में मजदूरी करने को मजबूर थीं, आज वे अपने ही गांव में रहकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर खेती और अन्य स्वावलंबी कार्यों में लगी हैं। अब जिला प्रशासन द्वारा दिए गए इस सुनहरे अवसर से उनके जीवन में और भी सकारात्मक बदलाव की उम्मीद की जा रही है।
महिलाओं के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने कहा कि जिन महिलाओं ने कभी रांची तक बस से जाने की भी नहीं सोची थी, आज वे हवाई जहाज से गुजरात जा रही हैं। यह उनके लिए गर्व और उत्साह का क्षण है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन ने जो भरोसा उन पर जताया है, उस पर वे पूरी तरह से खरा उतरने का प्रयास करेंगी। प्रशिक्षण के बाद वे न सिर्फ अपने ज्ञान को अपने गांव और अन्य महिलाओं के साथ साझा करेंगी, बल्कि अपने क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में और भी मजबूती से काम करेंगी। डीसी प्रेरणा दीक्षित की इस पहल को जिले में महिलाओं के लिए एक नई उम्मीद के रूप में देखा जा रहा है। महिलाएं इसे अपने जीवन में बदलाव लाने वाला मौका मान रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह प्रशिक्षण उन्हें अपने आर्थिक, सामाजिक और व्यक्तिगत विकास में सहायता करेगा और वे जिले का नाम रोशन करने की दिशा में लगातार प्रयासरत रहेंगी।


 

Tags - latest Gumla News Gumla news updates latest Gumla News Gumla News Updates latest jharkhand News IMRA news Jharkhand jharkhand News updates Jharkhand News Updates latest jharkhand news Gumla Women gone ko gujrat jharkhand news updates