द फॉलोअप डेस्क
लोहरदगा जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। सेन्हा थाना क्षेत्र के कल्हेपाट भड़गांव इलाके से पुलिस ने अवैध रूप से बालू लदे छह हाईवा वाहनों को जब्त किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेन्हा अंचलाधिकारी पंकज भगत और थाना प्रभारी नीरज झा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। अवैध बालू परिवहन की सूचना मिलने पर टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहनों की जांच की। जांच के दौरान पाया गया कि हाईवा वाहनों के ऊपर चिप्स लोड था, जबकि उसके नीचे अवैध रूप से बालू छिपाकर रखा गया था।
जब वाहन चालकों और कंपनी के प्रतिनिधियों से बालू से संबंधित वैध कागजात और चालान की मांग की गई, तो वे कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी छह वाहनों को जब्त कर सेन्हा थाना ले आई। बताया जा रहा है कि जब्त किए गए सभी हाईवा जिले में सड़क निर्माण कार्य कर रही बीटीआईपीएल कंस्ट्रक्शन कंपनी के हैं। थाना प्रभारी नीरज झा ने बताया कि बिना वैध कागजात के बालू परिवहन किए जाने के मामले में सभी छह वाहनों के खिलाफ माइनिंग एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। साथ ही पूरे मामले की जानकारी खनन विभाग के अधिकारियों को भी दे दी गई है।
