रांची
पर्व-त्योहारों के दौरान आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने मिलावटखोरों और नियमों की अनदेखी करने वाले खाद्य कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है।
इसी कड़ी में मधुकम स्थित एक खाद्य प्रतिष्ठान पर खाद्य सुरक्षा विभाग और सुखदेव नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान यहां से 42 किलोग्राम संदिग्ध मिलावटी घी जब्त किया गया। साथ ही बिना लाइसेंस चल रहे इस खाद्य कारोबारी की यूनिट को अगले आदेश तक बंद करने का निर्देश भी दिया गया। जब्त नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

इसके अलावा, रातू रोड क्षेत्र में कावेरी रेस्टोरेंट (पिस्का मोड़), भोला मिष्ठान भंडार (पिस्का मोड़), बीकानेर स्वीट्स (रातू रोड चौक) और छप्पन भोग (रातू रोड चौक) समेत कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इन सभी को FSSAI लाइसेंस प्रदर्शित करने, फूड हैंडलर्स का मेडिकल सर्टिफिकेट रखने, स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
सदर अनुमंडल पदाधिकारी की निगरानी में यह विशेष जांच अभियान त्योहारों के समापन तक जारी रहेगा। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि त्योहारों के इस मौसम में जनता को मिलावटी और अस्वास्थ्यकर खाद्य पदार्थों से बचाया जा सके।
.jpg)