गिरिडीह
गिरिडीह जिले के मांझीडीह स्थित NH-119 पर करीब दो महीने पहले बने छोटे पुल की हालत अब लोगों के लिए खतरे का कारण बनती जा रही है. पुल निर्माण में इस्तेमाल किया गया लोहे का सरिया अब सड़क के ऊपर और किनारों से बाहर निकला हुआ है, जिससे आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय यह स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है, क्योंकि तेज रफ्तार वाहन चालकों को यह स्पष्ट दिखाई नहीं देता. यह मुख्य सड़क गिरिडीह को डुमरी से जोड़ती है और इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं. खास बात यह है कि इसी सड़क से होकर राज्य के तीन मंत्री अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों तक आते-जाते हैं. इसके बावजूद सड़क की इस गंभीर समस्या पर विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है.
समाजसेवी दीपक श्रीवास्तव ने इस मामले पर चिंता जताते हुए कहा कि डुमरी में हाल ही में हुई भीषण सड़क दुर्घटना के बाद भी प्रशासन और संबंधित विभाग नहीं चेते हैं. उन्होंने कहा कि इस सड़क पर लगातार छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग केवल हादसे का इंतजार करता नजर आ रहा है. यदि समय रहते सड़क पर निकले सरियों को नहीं हटाया गया तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पथ निर्माण विभाग से जल्द कार्रवाई की मांग की है. लोगों का कहना है कि पुल निर्माण कार्य की गुणवत्ता की भी जांच होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो.
