logo

होटवार जेल में कैदी की मौत को संदिग्ध क्यों मान रहे परिजन, जांच की मांग

hotw.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
राजधानी रांची होटवार जेल में बंद एक कैदी की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। जेल प्रशासन का दावा है कि बंदी ने खुद अपना गला काट लिया है, जबकि परिजनों का आरोप है कि किसी ने जेल के अंदर उसकी हत्या की है। फिलहाल रांची पुलिस ने संदिग्ध मौत का केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। मृत कैदी की पहचान कांके थाना क्षेत्र में हुसीर गांव निवासी रहमतुल्लाह अंसारी के रूप में हुई है। वह मार्च महीने में गिरफ्तार हुआ था। उसके पिता शहजाद अंसारी ने बताया कि दो दिन पहले ही तो वह अपने बेटे से मिल कर आए थे। उसकी जमानत को लेकर बात हुई थी। उम्मीद थी कि दो चार दिनों में उसकी जमानत हो जाती लेकिन उससे पहले ही उसकी हत्या कर दी गई। 


परिजनों ने कहा 7-8 लोगों के बीच कैसे काट लिया गला
परिजनों के आरोपों से घिरे जेल प्रशासन ने रांची के खेलगांव थाने में यूडी केस दर्ज कराया है। इसमें बताया है कि रहमतुल्लाह ने मंगलवार को टीन के पत्ती से अपना गला काटने की कोशिश किया था। उसी समय उसे रिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर परिजनों और स्थानीय लोगों ने रिम्स अस्पताल पहुंच कर जमकर हंगामा किया। कहा कि कैदी ने आत्महत्या नहीं की है, बल्कि उसकी हत्या की गई है। परिजनों ने सवाल उठाया कि जेल में जहां यह घटना हुई है, वहां 5 से 8 अन्य कैदी मौजूद थे। बावजूद इसके यह कैसे अपना गला काट सकता है। गौरतलब है कि दो दिन पहले भी इस जेल का एक कैदी रिम्स से भागने में सफल रहा। 

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N