जमशेदपुर
जमशेदपुर के सोनारी स्थित देवेंद्र सेवा संघ भवन में शुक्रवार को कुड़मी समाज की एक अहम बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में हाल ही में हुए रेल टेका आंदोलन की सफलता पर समाज के सदस्यों को बधाई दी गई और उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया गया। बैठक में झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के केंद्रीय, प्रदेश और जिला स्तरीय पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया और अपने-अपने क्षेत्रों की गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की।
बैठक में 8 अक्टूबर को पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में प्रस्तावित विरोध मार्च को ऐतिहासिक और पूरी तरह सफल बनाने का संकल्प लिया गया। सभी सदस्यों से अपील की गई कि वे इस विरोध मार्च में पूर्ण उत्साह और भागीदारी के साथ शामिल हों। इसके अलावा, बैठक में 8 और 9 नवंबर को दो दिवसीय सम्मेलन आयोजित करने का भी प्रस्ताव पारित हुआ, जिसमें समाज के संवैधानिक अधिकारों और पारंपरिक मान्यता पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

बैठक की अध्यक्षता अजीत प्रसाद महतो ने की, जबकि केंद्रीय अध्यक्ष शशांक शेखर महतो, केंद्रीय संयुक्त सचिव जय राम महतो, झारखंड प्रदेश अध्यक्ष पदमलोचन महतो, उपाध्यक्ष तालेश्वर महतो, प्रदेश संयुक्त सचिव मनीलाल महतो, संगठन सचिव संजीव केटियार, रांची जिला सचिव अशोक महतो और अगमलाल महतो समेत तीनों राज्यों के कई प्रमुख प्रतिनिधि इसमें शामिल हुए।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि कुड़मी समाज के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा और मान्यता की बहाली के लिए सभी को एकजुट, शांतिपूर्ण और धैर्य के साथ संघर्ष करना होगा। साथ ही, हर सदस्य से समाजिक आंदोलनों में सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई।
.jpg)