logo

रांची : 3 दिन की मशक्कत के बाद खदान से युवक का शव मिला, गांव में पसरा मातम

deadbodyyyy2.jpg

रांची
राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र के करकट्टा गांव स्थित एक बंद खदान में नहाते समय डूबे युवक समीर कुमार का शव तीन दिन बाद मंगलवार को बरामद किया गया। एनडीआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर करीब 2 बजे शव को पानी से बाहर निकाला। जैसे ही शव बाहर आया, मौके पर चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम का माहौल पसर गया।
समीर रविवार को दोपहर 12 बजे घर से निकला था। वह अपने दो दोस्तों के साथ घूमते हुए खदान की ओर गया। खदान में समीर और उसका दोस्त किट्टू नहाने लगे। इसी दौरान समीर गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। किट्टू ने बचाने की कोशिश की, लेकिन असफल रहा।


घटना की सूचना मिलते ही नामकुम थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से बचाव प्रयास शुरू हुए, मगर कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद सोमवार को एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। टीम ने सोमवार को सुबह 9:30 बजे से शाम 5 बजे तक तलाशी ली, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
मंगलवार को पुनः सर्च ऑपरेशन शुरू हुआ और दोपहर 2 बजे के करीब समीर का शव पानी से बरामद किया गया। शव मिलते ही समीर के घर में कोहराम मच गया। परिजन अपने आंसू नहीं रोक सके और बार-बार उसके दोस्तों को घटना के लिए जिम्मेदार ठहराते रहे।


एनडीआरएफ ने शव को बाहर निकालने के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू कर दी।
नामकुम थाना के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि खदान की गहराई काफी अधिक है और वहां नहाना बेहद खतरनाक है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि इस स्थान पर न जाएं और परिजन भी अपने बच्चों को वहां जाने से रोकें।

Tags - News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest