द फॉलोअप डेस्क
दिल्ली से रांची जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-9695 में तकनीकी खराबी आने के कारण टेक ऑफ के तुरंत बाद विमान को वापस दिल्ली एयरपोर्ट पर लौटना पड़ा। यह फ्लाइट दोपहर 4:25 बजे दिल्ली से रवाना हुई थी और शाम 6:20 बजे रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर लैंड करने वाली थी। हालांकि, तकनीकी समस्या के चलते फ्लाइट को बीच रास्ते से ही डायवर्ट कर दिया गया। अभी तक खराबी से जुड़ी सटीक जानकारी सामने नहीं आई है।
इससे पहले, आज ही एअर इंडिया की एक और फ्लाइट AI-315, जो हांगकांग से दिल्ली आ रही थी, उसमें भी तकनीकी समस्या सामने आई। बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान ने स्थानीय समयानुसार दोपहर 12:16 बजे हांगकांग से उड़ान भरी थी, लेकिन उड़ान भरने के लगभग एक घंटे बाद इसे वापस हांगकांग एयरपोर्ट पर लौटना पड़ा।
एयर इंडिया की उड़ानों में लगातार तकनीकी दिक्कतें सामने आ रही हैं। इससे पहले 12 जून को गुजरात के अहमदाबाद में एक बड़ी दुर्घटना हुई थी, जब लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान क्रैश हो गया था। इस हादसे में 12 क्रू मेंबर सहित कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें से 241 की मौत हो गई थी। इस भयावह हादसे में सिर्फ एक व्यक्ति ही जीवित बच सका। इस दुर्घटना में गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की भी मृत्यु हो गई थी।