logo

भूषण बाड़ा की गिरफ्तारी की मांग को लेकर भाजपा का धुर्वा थाना में प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच की मांग

भूषण बाड़ा की गिरफ्तारी की मांग को लेकर भाजपा का धुर्वा थाना में प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच की मांग

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

BJP Demands Bhushan Bada's Arrest : सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा(Bhushan Bada) पर एक नाबालिग आदिवासी बच्ची द्वारा लगाए गए यौन शोषण के आरोपों को लेकर झारखंड की राजनीति गरमा गई है। शुक्रवार को भाजपा(BJP) रांची महानगर जिला के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने धुर्वा थाना का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मामले में त्वरित जांच और विधायक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। महानगर जिला अध्यक्ष वरुण साहू के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पीड़िता को न्याय दिलाने, उसके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पुलिस प्रशासन से बिना किसी दबाव के कार्रवाई करने की मांग उठाई।

साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की मांग

मौके पर वरुण साहू ने कहा कि नाबालिग बच्ची की ओर से लगाए गए आरोप बेहद गंभीर हैं और प्रशासन को मामले में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कानून की नजर में सभी समान हैं और किसी जनप्रतिनिधि का राजनीतिक पद जांच या कानूनी कार्रवाई में बाधा नहीं बनना चाहिए। उन्होंने पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा देने के साथ साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की भी मांग की।

मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच हो - सीमा सिंह

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह ने कहा कि नाबालिग से जुड़े ऐसे आरोपों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को निष्पक्ष जांच करनी चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि पीड़िता को न्याय दिलाना प्राथमिकता होनी चाहिए और दोष साबित होने पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। प्रदर्शन में शामिल भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पीड़िता की पहचान गोपनीय रखने, उसे आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने तथा जांच प्रक्रिया में किसी तरह का राजनीतिक हस्तक्षेप नहीं होने देने की मांग की। भाजपा रांची महानगर जिला ने स्पष्ट किया कि पीड़िता को न्याय दिलाने और मामले में कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर पार्टी अपना आंदोलन जारी रखेगी।

Tags - BJP Protest Bhushan Bada Dhurwa Police Station Jharkhand PoliticsCongress MLA