द फॉलोअप डेस्क
अजय श्रीवास्तव को बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा का नया जेलर बनाया गया है। बता दें कि शराब कारोबारी योगेंद्र तिवारी द्वारा प्रभात खबर के प्रधान संपादक को फोन पर धमकी देने के मामले में होटवार जेल के जेलर प्रमोद कुमार को निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद शुक्रवार को अजय कुमार को बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा का नया जेलर बनाया गया। इससे पहले अजय श्रीवास्तव गढ़वा जेल के जेलर के रूप में पदस्थापित थे।
जेल आईजी ने की थी कार्रवाई
जानकारी हो कि बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा से प्रभात खबर के प्रधान संपादक को फोन पर धमकी देने का मामला सामने आया था। इसके बाद जेल आईजी ने क़ानूनी कार्रवाई की थी। जेलर प्रमोद कुमार को पूछताछ के लिए 2 जनवरी को ईडी कार्यालय बुलाया गया। पूछताछ के बाद जेलर सहित सीनियर वार्डन अवधेश और कंप्यूटर ऑपरेटर पवन कुमार को निलंबित कर दिया गया।

जेल से संचालित हो रही है सरकार
गौरतलब है कि होटवार जेल से संपादक को धमकी देने के मामले में बीजेपी ने सरकार पर निशाना साधा। प्रदेश अध्यक्ष बीजेपी बाबूलाल ने हेमंत सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार जेल के अंदर से संचालित हो रही है। जेल के अंदर से किसी संपादक को धमकी देना, लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर खतरे जैसा है। बाबूलाल ने विधि-व्यवस्था को लेकर राज्यपाल को पत्र लिखकर कहा कि झारखंड में संवैधानिक संकट है।
