द फॉलोअप डेस्क
धनबाद (Dhanbad) में निजी डॉक्टर ने अपने हड़ताल को वापस ले लिया है। डीसी के साथ बैठक के बाद IMA ने इस हड़ताल को वापस ले लिया। अधिकारियों ने डॉक्टरो को भरोसा दिया है कि उनकी सुरक्षा का पूरा ख्याल रखा जाएगा। उन्हें सलाह दी गई है कि अपने अस्पताल या जगह पर, एक रजिस्टर रखें, वहां टाइगर मोबाइल या पेट्रोलिंग टीम के लोग जाएंगे और उसमें अंकित करेंगे। प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों की बातों से संतुष्ट होते हुए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने हड़ताल वापस ले ली है। गौरतलब है कि गुरुवार को बरटांड़ स्थित एशियन द्वारिका दास सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) की बैठक के बाद पूर्व में घोषित अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदलाव करते हुए संगठन के पदाधिकारियों ने 30 दिसंबर से एक जनवरी तक हड़ताल करने का ऐलान किया था।

सर्वमंगला नर्सिंग होम की संचालिका से मांगी गई रंगदारी
IMA के जिलाध्यक्ष डॉ मेजर चंदन ने बताया कि जिले के निजी क्षेत्र के सभी अस्पतालों व जांच केंद्रों ने हड़ताल में पूर्ण समर्थन दिया है। मेमको मोड़ स्थित सर्वमंगला नर्सिंग होम की संचालिका डॉ सर्वमंगला प्रसाद से रंगदारी मांगने की घटना के बाद चिकित्सकों में भय का माहौल है। मामले को लेकर पुलिस व जिला प्रशासन द्वारा अबतक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। ऐसे में हड़ताल पर जाने के अलावा उनके पास कोई दूसरा विकल्प नहीं है।

जिला स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
IMA के जिलाध्यक्ष ने कहा कि हड़ताल से सरकारी स्वास्थ्य सेवा को अलग रखा गया है। सरकारी अस्पतालों में नियमित रूप से ओपीडी से लेकर इंडोर सेवा चलेगी। निजी अस्पतालों के डॉक्टरों के हड़ताल की घोषणा के बाद जिला स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। सिविल सर्जन डॉ. चंद्रभानु प्रतापन ने सदन अस्पताल समेत सभी स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारियों को अलर्ट रहने और मरीजों की भीड़ पर उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।