रांची:
झारखंड में राज्यसभा की 2 सीटों के लिए आज वोटिंग होगी। नतीजे रात तक आएंगे। 2 सीटों के लिए 3 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। महागठबंधन की ओर से झारखंड मुक्ति मोर्चा ने बैद्यनाथ राम और कांग्रेस पार्टी ने प्रणव झा को प्रत्याशी बनाया है। भारतीय जनता पार्टी समेत एनडीए ने निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी को उम्मीदवार बनाया है। दोनों ही खेमा, अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहा है। बीते बुधवार को भारतीय जनता पार्टी ने दावा किया कि एनडीए का प्रत्याशी जीतेगा, कांग्रेस दरकिनार होगी, वहीं वित्तमंत्री राधाकृष्ण किशोर ने आंकड़ों के साथ महागठबंधन के प्रत्याशियों की जीत का दावा किया। मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने सत्ताधारी दल के विधायक दल की बैठक की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि वक्त आने दे तुझे बता देंगे ए आसमां.

किस गठबंधन के साथ कितने विधायक हैं
गौरतलब है कि सत्ताधारी दल के पास कुल 56 विधायक हैं, जिनमें झारखंड मुक्ति मोर्चा के 34, कांग्रेस के 16, आरजेडी के 4 और वामदल के 2 विधायक हैं। एनडीए के पास कुल 24 विधायक हैं जिनमें भाजपा के 21, लोजपा (रामविलास) के 1, जेडीयू का 1 और आजसू पार्टी का 1 विधायक है। जेएलकेएम के 1 विधायक हैं। एक राज्यसभा सीट के लिए कम से कम 28 विधायकों का प्रथम वरीयता मत चाहिए। कहा जाता है कि क्रॉस वोटिंग की आशंका से बचने के लिए एनडीए और महागठबंधन ने अपने-अपने विधायकों को होटल रेडिशन ब्लू और बीएनआर चाणक्या में रखा।

उम्मीदवारी पर हुई थी शुरुआती खींचतान
गौरतलब है कि शुरुआत में उम्मीदवारी को लेकर महागठबंधन में कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा के बीच दोफाड़ की स्थिति बन गई थी। कांग्रेस ने प्रणव झा को उम्मीदवार घोषित किया था, जिसे लेकर झामुमो नाराज था। पार्टी के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा था कि कांग्रेस की घोषणा से झामुमो को ठेस पहुंची। झामुमो की ओर से दोनों सीटों पर उम्मीदवार उतारने की बात भी कही गई, हालांकि मसले सुलझा लिए गए। इस बीच भारतीय जनता पार्टी ने उम्मीदवार उतारकर जीतने का दावा किया था, लेकिन बाद में पीएम के आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य गौरव वल्लभ के नामांकन पत्र खरीद लिए जाने के बाद भी परिमल नाथवानी को समर्थन देने का फैसला किया।