द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दिल्ली में ही जमे हैं। वहां वह गंगाराम अस्पताल में भर्ती पिता शिबू सोरेन की सेवा और चिकित्सा विकल्पों पर चिकित्सकों से लगातार बातचीत कर रहे हैं। चिकित्सकों की सलाह ले रहे हैं। मालूम हो कि रुटीन चेकअप के लिए दिल्ली गए शिबू सोरेन की तबीयत अचानक बिगड़ गयी थी। इसकी जानकारी मिलने के बाद हेमंत सोरेन 24 जून को आनन-फानन में दिल्ली गए थे। उस दिन से वह दिल्ली में ही रुके हुए हैं। सरकारी कामकाज को वहीं से निबटा रहे हैं।

आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि अति आवश्यक संचिकाओं को सीएम की स्वीकृति के लिए दिल्ली भेजा जा रहा है। वहीं से वह अपने मुख्यमंत्री पद के दायित्वों को निभा रहे हैं। साथ ही पूरे प्रदेश पर दिल्ली से नजर रख रहे हैं। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री के अभी कुछ और दिन दिल्ली में ठहरने की संभावना है। गुरुजी के स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार तक वह दिल्ली में रह कर पिता की सेवा में लगे रहेंगे। मालूम हो कि मुख्यमंत्री की पत्नी कल्पना सोरेन भी दिल्ली में ही है। पति-पत्नी मिल कर दिशोम गुरु के हर जरूरत को पूरी करने में लगे हैं।
