द फॉलोअप डेस्क, रांची:
Amba Prasad's Diwali Protest : बड़कागांव की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद(Amba Prasad) के सरकारी आवास को सील किए जाने का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। आवास सील होने के विरोध में अंबा प्रसाद लगातार दूसरे दिन भी सरकारी आवास के बाहर टेंट लगाकर बैठी रहीं। उन्होंने टेंट में ही दीप जलाकर दिवाली मनाई। 'द फॉलोअप' से बातचीत में अंबा प्रसाद ने आरोप लगाया कि उन्हें जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई सिर्फ उन्हें सरकारी आवास से बाहर करने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें राजनीति से भी बाहर करने की साजिश की जा रही है।
इस दौरान अंबा प्रसाद भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि जब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन(Hemant Soren) जेल में थे, तब वह उनके पूरे परिवार और खासकर कल्पना सोरेन(Kalpana Soren) के साथ मजबूती से खड़ी रही थीं। लेकिन आज जब उनका खुद का बुरा वक्त आया है, तो उन्हें अकेला छोड़ दिया गया है। अंबा प्रसाद ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को खुद इस पूरे मामले पर ध्यान देना चाहिए।

क्या है पूरा मामला?
दरअसल, दीपावली से एक दिन पहले प्रशासनिक टीम ने मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की मौजूदगी में अंबा प्रसाद के सरकारी आवास को सील कर दिया था। जब अंबा प्रसाद वहां पहुंचीं, तब तक प्रशासन की कार्रवाई पूरी हो चुकी थी। इसके बाद उन्होंने आवास के बाहर टेंट लगवाकर विरोध शुरू कर दिया और उसी टेंट में दीपावली मनाने का ऐलान किया।
वहीं, इससे पहले अंबा प्रसाद के पिता और पूर्व मंत्री योगेंद्र साव के बड़कागांव स्थित आवास को भी जिला प्रशासन ने तोड़ दिया था। इस कार्रवाई के बाद योगेंद्र साव ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। उनका बयान सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रदेश कांग्रेस ने उन्हें तीन साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था। अब अंबा प्रसाद के सरकारी आवास को सील किए जाने के बाद यह मामला एक बार फिर झारखंड की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है।
