बोकारो
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्य समिति सदस्य कुमार अमित ने आज बोकारो इस्पात संयंत्र के अधिशासी निदेशक, संकार्य एवं प्रशासन राजन कुमार से मुलाकात की। कुमार ने इस दौरान प्रबंधन के द्वारा छठ घाटों पर बेहतर व्यवस्था बनाने के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही निदेशक को अंग वस्त्र देकर सम्मानित भी किया। इस मुलाकात के बाद कुमार अमित ने बताया कि इस बार छठ महापर्व के प्रति प्रबंधन की संवेदनशीलता सराहनीय रही। हर वर्ष की अपेक्षा प्रबंधन ने इस बार छठ घाटों पर अधिक बेहतर तरीके से ध्यान दिया। इसे लेकर नागरिकों में सेल प्रबंधन के प्रति संतोष का भाव है।

पर्याप्त चेंजिंग रूम की व्यवस्था की गयी
बता दें कि इस बार छठ घाटों पर छठ व्रतियों के कपड़ा बदलने के लिए पर्याप्त चेंजिंग रूम की व्यवस्था की गयी थी। साथ ही व्रतियों को हर तरह से अन्य सुविधा देने की कोशिश की गयी। श्रद्धालुओं को हर साल की तरह इस साल किसी तरह की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। बिजली और जलाशयों में पानी का स्तर सही रहा। साथ ही स्वच्छता का भी ध्यान रखा गया। कहा कि छठ पवित्रता और स्वच्छता को बनाये रखने का भी पर्व है। इस लिहाज से सेल प्रबंधन ने विशेष रूप से तैयारी की थी। इसकी सराहना होनी चाहिये।

छाई उपलब्ध कराने से मिली राहत
कुमार ने बताया कि छठ घाटों के लिए कारखाना प्रबंधन की ओर से छाई उपलब्ध कराने से लोगों को राहत मिली। इसी के साथ कुमार अमित ने शहर की स्वच्छता के लिए नई एजेंसी बहाल करने का मुद्दा भी उठाया। कहा कि इस दिशा में आई शिथिलता को प्रबंधन यथाशीघ्र दूर करे। इसी के साथ उन्होंने स्वास्थ्य, सड़क सहित अन्य नागरिक सुविधाओं में सुधार की मांग की।
