logo

अमित शाह का देवघर दौरा आज, नैनो खाद कारखाना की रखेंगे आधारशिला

amit_shah7.jpg

डेस्क:
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) का आगमन आज झारखंड में होने जा रहा है। अमित शाह आज देवघर दौरे (Deoghar Visit) पर रहेंगे। गृहमंत्री के कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई है। अमित शाह के आने को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और में काफी उत्साह है उनके आने को लेकर तैयारियां भी लगभग पूरी कर ली गई है। डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने निर्धारित कार्यक्रम से पहले तैयारियों का जायजा लिया है। इसके साथ ही गृह मंत्री के देवघर पहुंचने से पहले बीजेपी कार्यकर्ताओं ने शहर में मशाल जुलूस निकाला। इसका उद्देश्य कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों को आने के लिए जागरूक करना था। 


शिलान्यास के 24 माह के अंदर नैनो फर्टिलाइजर प्लांट बनकर तैयार
मिली जानकारी के अनुसार शाह विशेष विमान से सुबह 11 बजे देवघर एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। वहां से सीधे बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। दोपहर डेढ़ बजे जसीडीह इंडस्ट्रियल एरिया पहुंचेंगे। वो इफको के नैनो फर्टिलाइन प्लांट का शिलान्यास करेंगे। अपराह्न 3:15 से शाम 4:45 बजे तक आरके मिशन विद्यापीठ के शताब्दी समारोह कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इफको के एमडी यूएस अवस्थी ने बताया कि शिलान्यास के 24 माह के अंदर नैनो फर्टिलाइजर प्लांट बनकर तैयार हो जाएगा। इससे क्षेत्र के 150-200 बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिलेगा। प्लांट के लिए इफको को 20 एकड़ जमीन मिल गई है। यह कारखाना किसानों के लिए बड़ी सौगात है।

 
भाजपा नेताओं का जमावड़ा देवघर में शुरू
केंद्रीय गृहमंत्री शाह के देवघर दौरे के मद्देनजर भाजपा नेताओं का जमावड़ा शुरू हो गया है। अमित शाह के आने को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि आने वाले चुनावों का शंखनाद बीजेपी संथाल परगना के देवघर से ही शुरू करने वाली है। हाल ही में बीजेपी ने अपनी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक देवघर में ही की थी।अमित शाह के आगमन को लेकर अटकलों का बाजार गर्म हो गया। देवघर विधायक नारायण दास और सारठ विधायक रणधीर सिंह तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश , विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी , राज्यसभा सांसद आदित्य साहू से लेकर तमाम नेता देवघर पहुंच चुके हैं।