द फॉलोअप डेस्क
पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक की तैयारी अंतिम मुकाम पर है। लगातार रिवाइज होने के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार अमित शाह विशेष विमान से रात 10.20 बजे रांची पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के उससे पहले रांची पहुंचने की संभावना है। मालूम हो कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 10 जुलाई को होटल रेडिशन ब्लू में आयोजित पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में भाग लेने के लिए बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ बिहार की पूरी टीम और उड़ीसा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी आज शाम ही रांची पहुंचेंगे। पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव कल सुबह रांची आएंगे। वहीं पूर्वी क्षेत्रीय परिषद और लोकसभा सचिवालय के पदाधिकारी रांची पहुंच गए हैं। नेताओं-अधिकारियों की सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। मुख्य सचिव, गृह सचिव और डीजीपी के स्तर से इसकी लगातार समीक्षा की जा रही है। रांची जिला प्रशासन ने इसके लिए यातायात व्यवस्था में भी परिवर्तन किया है। पुलिसकर्मियों और दंडाधिकारियों की विशेष प्रतिनियुक्ति की गयी है।

पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की गुरुवार को दिन के 11 बजे से होटल रेडिशन ब्लू में बैठक होगी। इस बैठक में अंतरराज्यीय संबंधों और विवादों पर विशेष तौर पर चर्चा होगी। कोयला कंपनियों पर बकाये के अलावा झारखंड सरकार द्वारा पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक में कई विषयों को गंभीरता से उठाये जाने की संभावना है। कोयला कंपनियों पर बकाये लगभग 1.36 लाख करोड़ के भुगतान पर झारखंड विशेष जोर देगा। इसके अलावा बिहार के साथ होटल अशोक सहित अन्य कंपनियों और फैक्ट्रियों का स्वामित्व अविलंब झारखंड को सौंप देने की मांग की जाएगी। साथ ही जल जीवन मिशन के तहत केंद्र पर बकाया लगभग छह हजार करोड़ के भुगतान की भी मांग उठेगी। मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना और अन्य कल्याणकारी योजनाओं के पैसे की भी मांग झारखंड करेगा। इसके अलावा झारखंड उग्रवाद प्रभावित जिलों की संख्या को 18 से घटा कर 14 किए जाने से होनेवाले नुकसान की भरपाई की भी मांग करेगा। बैठक में झारखंड द्वारा पश्चिम बंगाल के साथ विवादित मुद्दों को सुलझाने की भी मांग होगी।
