द फॉलोअप डेस्क
पलामू जिले के चैनपुर में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब एक स्कूल बस की चपेट में आकर एलकेजी का मासूम छात्र विनीत सिंह यादव की मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा चैनपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर में हुआ। मृतक छात्र सेमरटांड़ गांव का रहने वाला था और चैनपुर स्थित ग्रेटर एसएलए पब्लिक स्कूल में पढ़ता था।
जानकारी के अनुसार, विनीत रोज़ाना स्कूल बस से आता-जाता था। मंगलवार को स्कूल से लौटते समय सेमरटांड़ स्थित अपने घर के पास बस से उतरने के बाद अचानक उसी बस की चपेट में आ गया। हादसे के बाद परिजन और ग्रामीण उसे गंभीर हालत में मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एमएमसीएच) ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता संतोष सिंह यादव ने बताया कि उनका बेटा बस से उतरने के बाद घर की ओर जा रहा था, तभी स्कूल बस ने पीछे से टक्कर मार दी। घटनास्थल पर मौजूद लोगों का कहना है कि ड्राइवर शराब के नशे में था। वही दूसरी ओर इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। .jpeg)
प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल
लोगों का कहना है कि स्कूल प्रबंधन ने बस संचालन में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की है। चालक और स्कूल प्रशासन की लापरवाही से एक मासूम की जान चली गई। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर जिले में स्कूल बस सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वही जिला शिक्षा पदाधिकारी (DSE) पलामू संदीप कुमार ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि, मामले की सूचना मिली है। सभी निजी स्कूलों को बच्चों की सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश दिए जाएंगे और जल्द ही इस पर अभियान चलाकर गलत पाए जानेवाले स्कूल पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।.jpg)
वहीं, चैनपुर थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा ने बताया कि जिस स्कूल की बस से बच्चा पढ़ने जाता था, उसी बस से यह हादसा हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल बच्चे के शव का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौप दिया गया है।