द फॉलोअप डेस्क
भवनाथपुर से झामुमो विधायक अनंत प्रताप देव शनिवार को सदन में चापानल के लिए पेयजल स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद से बार बार गुहार लगाया। उन्होंने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में पहले से जल संकट है। गर्मी की धमक आते ही पेयजल गंभीर समस्या के रूप में उभर रही है। वैसे भी गढ़वा पहले से क्षेत्र में आता है। कालाहांडी की तरह पानी का संकट है। उन्होंने बार बार मांग की कि सरकार विधायकों को चापानल उपलब्ध कराए। लेकिन विभागीय मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो ने कहा कि मुख्यमंत्री पहले ही सदन में प्रति पंचायत 10-10 चापाकल लगाने की बात कह चुके हैं। उन्होंने बताया कि अप्रैल में फंड की उपलब्धता के आधार पर चापाकल लगाने की दिशा में सरकार काम करेगी।
.jpeg)
छह महीने में नया पुलिस मैन्युअल, जेलों में जल्द 4 जी, 5 जी जैमर
जरमुंडी के भाजपा विधायक देवेंद्र कुंवर ने झारखंड के जेलों में 4जी या 5जी जैमर लगाने का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि पिछले सत्र में प्रभारी मंत्री ने बताया था कि जेलों में 4जी या 5जी नेटवर्क को रोकने के लिए जैमर लगाए जा रहे हैं। जैमर नहीं लगने से अपराधी जेल से ही क्राइम को संचालित करते हैं। इस पर प्रभारी मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो ने विश्वास दिलाया कि 4 जी, 5 जी, 6 जी जैमर जल्द जेलों में लगा दिया जाएगा। हालांकि तथ्य यह है कि पिछले एक दशक से जेलों में जैमर लगाने की योजना पूरी नहीं हो पा रही है। वहीं राज सिन्हा के सवाल के जवाब के क्रम में प्रभारी मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने छह महीने के भीतर राज्य में नया पुलिस मैन्युअल लागू कर दिए जाने का भी आश्वासन दिया। यहां मालूम हो कि राज्य में बिहार के समय बने पुलिस मैन्युअल लागू है। राज सिन्हा ने भारतीय न्याय संहिता 2023 के संदर्भ में कब तक नया पुलिस अधिनियम लागू होगा, की जानकारी चाही थी।

ड्रग्स तस्करी रोकेने के लिए बनेगा विशेष टास्क फोर्स
भाजपा विधायक रोशन लाल चौधरी ने शनिवार को हजारीबाग और रामगढ़ जिले ड्रग तस्करी में हो रही भारी वृद्धि पर चिंता प्रकट करते हुए सरकार से इसके नियंत्रण का सवाल उठाया। सरकार द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार 2019 से 2023 के बीच एनडीपीएस एक्ट के तहत 2396 मामले दर्ज हुए थे, जबकि पिछले तीन वर्षों में इन मामलों में और बढ़ोतरी हुई है। पतरातू, बड़कागांव और केरेडारी क्षेत्रों में ब्राउन शुगर और हेरोइन जैसे नशे अब गली-मोहल्लों तक पहुंच चुके हैं। इस पर मंत्री योगेंद्र महतो ने सदन को भरोसा दिलाया कि ड्रग्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और हर जिले में विशेष टास्क फोर्स गठित कर एंटी-नारकोटिक्स अभियान चलाया जाएगा।
