रांची
संत अन्ना विद्यालय, मांडर के प्रांगण में आयोजित इंटर स्कूल एथलीट मीट 2025 का उद्घाटन राज्य की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने किया। इस एथलीट मीट में रांची, गुमला और एमपी प्रोविंस के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। उद्घाटन अवसर पर मंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों के जीवन में शिक्षा और खेल दोनों का संतुलन जरूरी है। उन्होंने कहा, “लंबे समय तक कमरे में बंद रहकर केवल किताबी ज्ञान लेने से अधिक जरूरी है कि बच्चे मैदान में उतरें। खेल शरीर और मन दोनों को ऊर्जा देता है और छात्रों के ऑल राउंड डेवलपमेंट में मदद करता है।”
मंत्री ने सफल प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं और विजेताओं को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर सिस्टर सुजाता कुजूर, फादर विपिन कंडुलना, सिस्टर सरोज एक्का, सिस्टर मेरी टोप्पो, सिस्टर प्रभा कुल्लू, सिस्टर ललिता, कांग्रेस नेत्री सेराफिना मिंज, सरिता तिग्गा, बेरनादेत बेक और कुलदीप कुजूर उपस्थित थे।
.jpeg)
लिवेंस डे 2025 में शामिल हुईं मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, बेटियों की समानता पर छात्रों का नाट्य संदेश सराहा
बेड़ो प्रखंड के लिवेंस एकेडमी, दिघिया में आयोजित लिवेंस डे 2025 कार्यक्रम में भी मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने शिरकत की। छात्रों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम ने सभी का मन मोह लिया। समाज में बेटियों को बराबरी का अधिकार दिलाने पर आधारित नाट्य प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा।
नाटक के माध्यम से छात्रों ने संदेश दिया कि “बेटियां सिर्फ दूल्हा और चूल्हा तक सीमित नहीं हैं।”

कार्यक्रम में रांची आर्चबिशप विंसेंट आइंद विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। संबोधन के दौरान मंत्री ने कहा कि फादर कोंस्टनट लिवेंस एक ऐसी महान शख्सियत थे, जिनके विचारों ने समाज को दिशा दी। उन्होंने आदिवासी समाज को साहूकारों के शोषण से मुक्ति दिलाने और भूमि संरक्षण के क्षेत्र में जो योगदान दिया, उसे भुलाया नहीं जा सकता।
उन्होंने कहा, “आज हम सभी उनके दिखाए रास्ते और सिद्धांतों पर चलकर आगे बढ़ रहे हैं।”
कार्यक्रम में फादर थॉमस, फादर रॉबर्ट मिंज, सिस्टर दिव्या, जिला परिषद सदस्य बेरोनिका, उप प्रमुख मुद्दसिर हक सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
